आगरा–मुंबई नेशनल हाइवे पर बड़ा हादसा, बस पलटने से महिला की मौत, 30 यात्री घायल


 



शाजापुर। आगरा–मुंबई नेशनल हाइवे-52 पर रविवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। गुजरात के जामनगर से दतिया जा रही यात्री बस शाजापुर जिले के सुनेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पनवाड़ी के पास अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में एक महिला यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लगभग 30 लोग घायल हो गए।


घटना सुबह करीब पाँच बजे की बताई जाती है। बस के पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस व प्रशासनिक अमला मौके पर पहुँचा और राहत कार्य शुरू किया। क्रेन की मदद से बस को खाई से बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल शाजापुर पहुँचाया गया।


मृतका की पहचान गायत्री पत्नी ओमप्रकाश, निवासी अकबरपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। घायलों में महिलाएँ और बच्चे भी शामिल हैं।


प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस तेज रफ्तार में थी और ड्राइवर-क्लीनर आपस में झगड़ रहे थे। यात्रियों का आरोप है कि दोनों ने शराब पी रखी थी। हादसे के बाद दोनों मौके से फरार हो गए।


स्थानीय ग्रामीणों ने सबसे पहले राहत कार्य में हाथ बँटाया और यात्रियों को बस से बाहर निकाला। घटना के कारण हाईवे पर कई घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही।


प्रशासन ने मामले की जाँच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।