बेटे के दोस्त ने 45 वर्षीय महिला को बंधक बनाकर किया दुष्कर्म, पुलिस ने किया गिरफ्तार

 


(क्राइम रिपोर्टर)

भोपाल। राजधानी के देहात क्षेत्र गुनगा में 45 वर्षीय महिला के साथ उसके बेटे के दोस्त द्वारा घिनौना अपराध सामने आया है। आरोपी शुभम रजक (22) ने महिला को बहाने से बंधक बनाकर मंडीदीप में कमरे में बंद किया और उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया।

गुनगा थाना प्रभारी कृष्णा ठाकुर ने बताया कि महिला तीन बच्चों की मां है और उसके पति खेती-किसानी का काम करते हैं। महिला के बेटे की आरोपी शुभम रजक से दोस्ती थी, जिसके चलते उसका घर पर आना-जाना था।

प्रभारी ठाकुर ने आगे बताया कि आरोपी ने महिला को फोन कर बहाना बनाया कि उसका एक्सीडेंट हो गया है और उसे पैसों की जरूरत है। महिला अकेली घर से निकलकर आरोपित से मिली और वह उसे बहाने से मंडीदीप ले गया। वहां आरोपी ने महिला को कमरे में बंद कर कई बार दुष्कर्म किया। जब महिला घर जाने की बात करती, तो आरोपी उसके साथ मारपीट भी करता था।

22 सितंबर को महिला किसी तरह आरोपित के चंगुल से बचकर घर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को दी। गुनगा पुलिस ने महिला की शिकायत पर अपहरण, दुष्कर्म और संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी के अन्य संभावित अपराधों की भी जांच जारी है।