(विशेष संवाददाता)
भोपाल/आलीराजपुर। मध्य प्रदेश सरकार ने अलीराजपुर जिले का नाम बदलकर अब ‘आलीराजपुर’ कर दिया है। केंद्र सरकार से 21 अगस्त 2025 को औपचारिक स्वीकृति मिलने के बाद प्रदेश सरकार ने अधिसूचना जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिले के कलेक्टर अभय बेड़ेकर ने बताया कि यह निर्णय स्थानीय लोगों की वर्षों पुरानी मांग को देखते हुए लिया गया है।
क्यों बदला गया नाम
इतिहासकारों और स्थानीय समाज के अनुसार, जिले का नाम आलीराजपुर ही इसकी प्राचीन पहचान से जुड़ा है। कहा जाता है कि इस क्षेत्र पर 15वीं सदी में भील राजा आलिया भील का शासन था, जिनके नाम से यह इलाका प्रसिद्ध हुआ। बाद में यहां राठौड़ शासकों का प्रभाव भी रहा।
क्षेत्र में मौजूद दो रियासतें—आली और राजपुर—को मिलाकर इसका नाम आलीराजपुर पड़ा। समय के साथ उच्चारण और वर्तनी बदलकर यह “अलीराजपुर” लिखा और बोला जाने लगा। स्थानीय समाज लंबे समय से मूल पहचान को लौटाने की मांग कर रहा था।
2008 में बना था जिला
अलीराजपुर जिला 17 मई 2008 को झाबुआ से अलग कर बनाया गया था और उसका नाम तत्कालीन मुख्यालय अलीराजपुर पर रखा गया। अब प्रदेश सरकार ने ऐतिहासिक तथ्यों और स्थानीय भावनाओं को मान्यता देते हुए इसका नाम ‘आलीराजपुर’ कर दिया है।
नोटिफिकेशन जारी होने के बाद सभी शासकीय पत्राचार, अभिलेख और आधिकारिक दस्तावेजों में जिले का नाम नई वर्तनी के साथ ‘आलीराजपुर’ दर्ज किया जाएगा।