भोपाल। पैगम्बर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस मिलाद-उन-नबी के अवसर पर शुक्रवार को राजधानी में दो बड़े चल समारोह निकाले जाएंगे। इन समारोहों को देखते हुए नगरीय यातायात पुलिस भोपाल ने विशेष मार्ग परिवर्तन और डायवर्सन की व्यवस्था की है।
मंगलवारा क्षेत्र का चल समारोह
परंपरागत रूप से यह चल समारोह दोपहर 2 बजे मंगलवारा छावनी से प्रारंभ होगा। यह भारत टॉकीज चौराहा, सेंट्रल लाइब्रेरी, इतवारा, इस्लामपुरा, बैंड मास्टर तिराहा होते हुए बुधवारा चार बत्ती चौराहे पर समाप्त होगा। जुलूस में घोड़े, ऊंट और झंडों के साथ पैदल चल समारोह शामिल रहेगा।
- मार्ग पर 1 बजे से रात 8 बजे तक यातायात प्रतिबंधित रहेगा।
- भारत टॉकीज से सेन्ट्रल लाइब्रेरी, काली मंदिर तलैया से बुधवारा, मोती मस्जिद से बुधवारा तथा भारत टॉकीज से छावनी रोड पर यातायात बंद रहेगा।
- मध्यम, भारी मालवाहक, अनुमति प्राप्त वाहन व सिटी बसों का आवागमन भी बंद रहेगा।
- वैकल्पिक मार्ग
- वाहन रॉयल मार्केट, तीन मोहरा, हमीदिया रोड, मोती मस्जिद, कमलापार्क, पॉलिटेक्निक चौराहा होकर जा सकेंगे। नादरा बस स्टैंड से वाहन संगम तिराहा, बजरिया, 80 फिट रोड होते हुए नए शहर की ओर जाएंगे। वहीं नए शहर से भारत टॉकीज की ओर जाने वाले वाहन सुभाष नगर ओवर ब्रिज, प्रभात चौराहा होकर बजरिया तिराहा तक जा सकेंगे।
अशोका गार्डन क्षेत्र का चल समारोह
दूसरा चल समारोह अशोका गार्डन क्षेत्र से निकलेगा। यह अशोका गार्डन से प्रारंभ होकर पुष्पा नगर पुलिया, नवीन नगर रोड, ऐशबाग रोड, सोनिया कॉलोनी चौराहा, दुर्गा धाम मंदिर रोड, परिहार चौराहा, मंडी चौराहा, प्रभात चौराहा, सुभाष नगर ओवर ब्रिज होते हुए स्लाटर हाउस के सामने से जिंसी चौराहे पर समाप्त होगा।
- इस मार्ग पर दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक यातायात प्रतिबंधित रहेगा।
- परिहार चौराहा पर जुलूस होने पर वाहनों को आईटीआई मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा।
- प्रभात चौराहा और सुभाष ओवरब्रिज पर जुलूस पहुंचने पर भी वाहनों को अन्य मार्गों जैसे पंजाबी बाग, लिली चौराहा, पुलिस कंट्रोल रूम आदि से निकाला जाएगा।