अन्नदाताओं की मुस्कान ही सरकार की ताकत : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

 



(फ़िरोज़)

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को प्रदेश के 11 जिलों के 17 हजार 500 किसानों को अतिवृष्टि एवं बाढ़ से हुई फसल क्षति का मुआवजा प्रदान किया। मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन से वर्चुअल कार्यक्रम के दौरान उन्होंने सिंगल क्लिक से किसानों के खातों में 20 करोड़ 60 लाख रुपये की राहत राशि अंतरित की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश के अन्नदाताओं की खुशहाली ही सरकार की ताकत है। मौसम की मार झेलने वाले किसानों को बेसहारा नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हर प्रभावित किसान को उचित मुआवजा मिलेगा और सरकार सुख-दुख में हमेशा किसानों के साथ खड़ी है।

कार्यक्रम में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, मुख्यमंत्री कार्यालय के अपर सचिव आलोक सिंह, राजस्व आयुक्त अनुभा श्रीवास्तव सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने शिवपुरी, दमोह, अशोकनगर, धार, छतरपुर और रायसेन जिलों के किसानों से सीधा संवाद कर उनकी स्थिति जानी। प्रभावित किसानों ने राहत राशि मिलने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया।

गौरतलब है कि बीते अगस्त में भी डॉ. यादव ने प्राकृतिक आपदा से प्रभावित 24 हजार 884 परिवारों को 30 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि दी थी। राजस्व आयुक्त श्रीमती श्रीवास्तव ने बताया कि इस मानसून में प्रदेश में 1031.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो सामान्य से 25% अधिक है। अब तक वर्ष 2025-26 में प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित परिवारों को विभिन्न मदों में 188.52 करोड़ रुपये की राहत राशि वितरित की जा चुकी है।