मध्यप्रदेश पुलिस की बड़ी सफलता, ₹12 करोड़ से अधिक की चोरी गई संपत्ति बरामद

 


(शैक फ़िरोज़)

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने अक्टूबर माह में चोरी और लूट के मामलों में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। पूरे प्रदेश में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ₹12 करोड़ 55 लाख 16 हजार मूल्य की चोरी गई संपत्ति बरामद की है, जिसमें सोना, चांदी, नकदी, वाहन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य बहुमूल्य वस्तुएँ शामिल हैं।

जिलावार उपलब्धियों में ग्वालियर पुलिस ने ₹5.70 करोड़, भोपाल पुलिस ने ₹5.04 करोड़, इंदौर पुलिस ने ₹36 लाख और सीहोर पुलिस ने ₹35 लाख की चोरी गई संपत्ति बरामद की है। इन मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालयीन कार्रवाई प्रारंभ की जा चुकी है।

पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने बताया कि अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस ने आधुनिक तकनीकी साधनों, इंटेलिजेंस आधारित निगरानी और त्वरित रिस्पॉन्स प्रणाली का प्रभावी उपयोग किया है। उन्होंने कहा कि यह सफलता पुलिस की पेशेवर निष्ठा, सतत प्रशिक्षण और जनता के सहयोग का परिणाम है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार पुलिस ने अपराध नियंत्रण और जनता की सुरक्षा के लिए नवीन तकनीकों और सख्त कार्रवाई को प्राथमिकता दी है। मध्यप्रदेश पुलिस की यह उपलब्धि दर्शाती है कि राज्य में कानून-व्यवस्था मजबूत है और जनता का विश्वास पुलिस पर और अधिक सुदृढ़ हुआ है।