(विशेष संवाददाता)
बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में बैतूल-नागपुर फोरलेन पर सोमवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तकनीकी खराबी के चलते एक निजी यात्री बस अनियंत्रित होकर पीछे की ओर लुढ़क गई और पलट गई। हादसे में बस में सवार 16 यात्री घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को जिला अस्पताल बैतूल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस बैतूल से नागपुर की ओर जा रही थी। सापना-सोहागपुर जोड़ से पहले अचानक बस में तकनीकी खराबी आ गई। चालक ने बस को सड़क किनारे रोककर मरम्मत करने का प्रयास किया। मरम्मत के बाद जैसे ही बस आगे बढ़ी, उसी दौरान दोबारा खराबी आ गई। बताया जा रहा है कि बस न्यूट्रल गियर में थी और ढलान होने के कारण वह तेजी से पीछे की ओर लुढ़कने लगी। चालक कुछ समझ पाता, उससे पहले ही बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।
हादसे के समय बस में करीब 40 यात्री सवार थे। दुर्घटना होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर बैतूल बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत व बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस के अनुसार, 16 यात्रियों को चोटें आई हैं, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। शेष घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए फोरलेन पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सुचारू कराया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और बस की तकनीकी स्थिति की भी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तकनीकी खराबी और ढलान पर बस का नियंत्रण से बाहर होना बताया जा रहा है।

0 Comments