भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आगामी त्यौहारों के मद्देनजर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि होलिका दहन केवल गैर विवादित स्थलों पर ही किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
भोपाल स्थित पुलिस कमिश्नर कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई बैठक में डीजीपी, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तथा प्रदेशभर के आईजी, डीआईजी और एसपी शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता, पेट्रोलिंग बढ़ाने, सूचना तंत्र को सक्रिय रखने और क्विक रिस्पांस सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं पुलिस थानों और कार्यालयों का औचक निरीक्षण करेंगे तथा पब्लिक फीडबैक के आधार पर उनकी ग्रेडिंग की जाएगी। परीक्षाओं के मद्देनजर परीक्षा केंद्रों और हॉस्टलों पर निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए।
त्योहारों के दौरान अधिक किराया वसूलने वाले बस ऑपरेटर्स पर कार्रवाई, शुष्क दिवस का सख्ती से पालन और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए। मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग को प्रदेश को नक्सल मुक्त बनाने पर बधाई देते हुए सभी अधिकारियों से पारदर्शी और मुस्तैद कार्यप्रणाली अपनाने को कहा।

0 Comments