इंदौर में दो बच्चों के अपहरण का सनसनीखेज मामला: शेयर बाजार में नुकसान के बाद रची 15 लाख की फिरौती की साजिश, युवती समेत चार आरोपी गिरफ्तार

 


(विशेष संवाददाता)

इंदौर। शहर के लालाराम नगर गार्डन क्षेत्र से दो बच्चों के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज कुछ घंटों में दोनों बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में एक युवती समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपियों को शेयर बाजार में नुकसान हुआ था, जिसकी भरपाई के लिए उन्होंने बच्चों के अपहरण और 15 लाख रुपये की फिरौती मांगने की साजिश रची थी।

गार्डन से बच्चों को बहला-फुसलाकर ले गई युवती

जानकारी के अनुसार, लालाराम नगर गार्डन में बच्चे रोजाना क्रिकेट खेलने जाते थे। पिछले दो-तीन दिनों से एक युवती वहां पहुंचकर बच्चों से परिचय बढ़ा रही थी। घटना वाले दिन युवती ने अपने मोबाइल में पालतू जानवरों के फोटो दिखाए और बच्चों से कहा कि वह उन्हें पालतू जानवर दिलाएगी। इसके बाद दोनों बच्चे उसके साथ चले गए।

रास्ते में सामान दिलाया, फिर फ्लैट पर ले गई

बताया गया है कि रास्ते में गीता भवन क्षेत्र की एक दुकान से बच्चों को खाने-पीने का सामान दिलाया गया। इसके बाद बच्चों को एक फ्लैट पर ले जाया गया, जहां युवती के साथी पहले से मौजूद थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि पूरी वारदात पहले से योजना बनाकर अंजाम दी गई थी।

मां को फोन कर मांगी 15 लाख की फिरौती

बच्चों को अपने कब्जे में लेने के बाद आरोपियों ने एक बच्चे की मां को फोन किया और कहा कि यदि बच्चे वापस चाहिए तो 15 लाख रुपये देने होंगे। फोन कॉल मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

10 विशेष टीमों ने संभाला मोर्चा

मामले की गंभीरता को देखते हुए Indore Police ने विशेष अभियान शुरू किया। पुलिस की कई टीमों ने एक साथ कार्रवाई करते हुए CCTV फुटेज खंगाले, मोबाइल लोकेशन ट्रैक की, संदिग्धों के संपर्कों की जांच की, शहर से बाहर जाने वाले रास्तों पर निगरानी की, संभावित ठिकानों पर दबिश दी, तकनीकी सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई।

राजेंद्र नगर क्षेत्र से गिरफ्तारी

देर रात कार्रवाई करते हुए पुलिस ने राजेंद्र नगर क्षेत्र से चारों आरोपियों को हिरासत में लिया और दोनों बच्चों को सकुशल छुड़ा लिया। मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के नाम राधिका प्रजापति,तनिषा सेन,ललित सेन,विनीत प्रजापति बताया गया है कि राधिका प्रजापति और विनीत प्रजापति आपस में भाई-बहन हैं।

शेयर बाजार में नुकसान बना अपराध की वजह

सूत्रों के अनुसार आरोपियों को शेयर बाजार में भारी नुकसान हुआ था। जल्दी पैसा कमाने और घाटा पूरा करने के लिए उन्होंने मासूम बच्चों के अपहरण और फिरौती की योजना बनाई। पुलिस अब आरोपियों की आर्थिक स्थिति, बैंक खातों और कॉल रिकॉर्ड की जांच कर रही है।


Post a Comment

0 Comments