(शेख फिरोज)
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने “प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY)” के तहत चल रहे एक बड़े संगठित बीमा धोखाधड़ी गिरोह का पर्दाफाश किया है। मामले में अपराध अनुसंधान विभाग (CID) ने दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीआईडी के अनुसार, गिरोह ने फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्रों के आधार पर करीब ढाई करोड़ रुपये के बीमा क्लेम हासिल किए। यह नेटवर्क ग्वालियर, मुरैना, रतलाम सहित कई जिलों में सक्रिय था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने फर्जी नामों से सैकड़ों बैंक खाते खुलवाए और उन्हीं के माध्यम से बीमा पॉलिसियां लीं। कई मामलों में एक ही मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी का उपयोग कर अलग-अलग पॉलिसियां ली गईं। कुछ लोगों के नाम पर उनकी जानकारी के बिना बीमा कराया गया और बाद में उन्हें मृत दिखाकर क्लेम लिया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि बीमा लेने के कुछ समय बाद ही फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाकर क्लेम राशि निकाल ली जाती थी। कई मामलों में संबंधित व्यक्ति जीवित पाए गए।
धोखाधड़ी से प्राप्त राशि को छिपाने के लिए गिरोह ने विभिन्न जिलों और राज्यों में फैले बैंक खातों और एटीएम नेटवर्क का इस्तेमाल किया। संदिग्ध खातों को चिन्हित कर फ्रीज करने की कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने बताया कि पूरे नेटवर्क की गहन जांच जारी है और आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में आगे और बड़े खुलासे होने की संभावना है।

0 टिप्पणियाँ