283 केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, साइबर कमांडो रखेंगे नजर
(शेख फ़िरोज़)
भोपाल। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित संचालन को लेकर कैलाश मकवाणा की अध्यक्षता में पुलिस मुख्यालय में सभी जिला पुलिस अधीक्षकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा सुरक्षा, प्रश्नपत्र परिवहन, स्ट्रॉन्ग रूम निगरानी, साइबर मॉनिटरिंग तथा कानून-व्यवस्था को लेकर विस्तृत रणनीति तय की गई।
डीजीपी कैलाश मकवाणा ने कहा कि 3 मई को होने वाली यह परीक्षा लाखों विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ी संवेदनशील परीक्षा है, इसलिए इसकी हर प्रक्रिया पारदर्शी, त्रुटिरहित और सुरक्षित होनी चाहिए। उन्होंने सभी जिलों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों, स्ट्रॉन्ग रूम और परीक्षा कक्षों का भौतिक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए।
परीक्षा केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात होगा
परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की जांच के लिए हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) उपलब्ध रहेंगे। साथ ही अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
प्रश्नपत्र परिवहन पर हर चरण में निगरानी
पुलिस मुख्यालय ने निर्देश दिए हैं कि प्रश्नपत्रों को बैंक, पोस्ट ऑफिस, स्ट्रॉन्ग रूम और परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने तथा परीक्षा के बाद OMR शीट और अन्य सामग्री की सुरक्षित वापसी तक हर चरण पर निगरानी रखी जाए। सामग्री परिवहन के दौरान पुलिस एस्कॉर्ट, डैशकैम और निर्धारित रूट मॉनिटरिंग भी लागू रहेगी।
चंबल रेंज और सीमावर्ती जिलों पर विशेष फोकस
डीजीपी ने कहा कि चंबल रेंज सहित संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए। सीमावर्ती जिलों में अन्य राज्यों से संभावित पेपर लीक या संगठित गिरोहों की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। परीक्षा केंद्रों के आसपास अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
साइबर कमांडो सोशल मीडिया पर रखेंगे नजर
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, ऑनलाइन ग्रुप्स और डिजिटल माध्यमों पर पेपर लीक, अफवाह या भ्रामक जानकारी फैलाने वालों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए राज्य के 38 साइबर कमांडो विशेष रूप से तैनात किए जाएंगे। ये कमांडो नेटवर्क सुरक्षा, CCTV मॉनिटरिंग, SOP पालन और संदिग्ध गतिविधियों की रिपोर्टिंग करेंगे।
इंदौर में सर्वाधिक 57 केंद्र
उप पुलिस महानिरीक्षक तरूण नायक ने बताया कि परीक्षा प्रदेश के 30 शहरों में 283 केंद्रों पर आयोजित होगी, जिसमें लगभग 1 लाख 18 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। इंदौर में सर्वाधिक 57 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी।
नकल गिरोह और पेपर लीक पर Zero Tolerance
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक ए. साई मनोहर ने कहा कि वर्ष 2024 की घटनाओं से सीख लेते हुए इस बार सेंटर लेवल सुरक्षा पर विशेष फोकस रखा गया है। प्रश्नपत्र वितरण के हर चरण पर Zero Tolerance नीति अपनाई जाएगी।
लापरवाही पर होगी FIR
मध्यप्रदेश पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पेपर लीक, प्रतिरूपण, संगठित नकल, सोशल मीडिया पर प्रश्नपत्र प्रसारण, स्ट्रॉन्ग रूम सुरक्षा में चूक या किसी भी प्रकार की आपराधिक लापरवाही पर तत्काल FIR दर्ज कर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

0 Comments