मध्य प्रदेश में 62 IPS अधिकारियों का तबादला, 19 जिलों के SP बदले

 


(फिरदोस अंसारी )

भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 62 आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस व्यापक बदलाव में राज्य के 19 जिलों के पुलिस अधीक्षकों (SP) को बदल दिया गया है, जबकि वरिष्ठ स्तर पर भी कई अहम जिम्मेदारियों में फेरबदल किया गया है।

गृह विभाग द्वारा देर रात जारी आदेश में ADG, IG, DIG, SP और ASP स्तर के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस बड़े पैमाने पर हुए ट्रांसफर को पुलिस प्रशासन में “सर्जिकल बदलाव” के रूप में देखा जा रहा है, जिसका सीधा असर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर पड़ेगा।



फेरबदल के तहत भिंड, मुरैना, रीवा, सागर, छतरपुर, खंडवा, नीमच, सीहोर, सिंगरौली, सिवनी, डिंडोरी, मंडला और दमोह सहित कई जिलों में नए पुलिस अधीक्षक तैनात किए गए हैं। वहीं राजधानी भोपाल और इंदौर जैसे बड़े शहरों में भी पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था के अंतर्गत अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं।



सूत्रों के अनुसार, हाल के दिनों में जिन जिलों में कानून-व्यवस्था से जुड़ी घटनाएं सामने आई थीं, वहां के एसपी को हटाकर नए अधिकारियों को मौका दिया गया है। इसके साथ ही 2018, 2020 और 2021 बैच के युवा आईपीएस अधिकारियों को जिलों की कमान सौंपकर नई कार्यशैली लागू करने का संकेत दिया गया है।



वरिष्ठ स्तर पर भी बदलाव करते हुए कुछ अधिकारियों को नई शाखाओं में भेजा गया है। कई अधिकारियों को प्रमोशन के बाद नई पोस्टिंग मिली है, जबकि कुछ को फील्ड से हटाकर पुलिस मुख्यालय में तैनात किया गया है।



सरकार के इस फैसले को प्रशासनिक संतुलन बनाने, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और आगामी चुनौतियों के मद्देनजर रणनीतिक कदम माना जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ