एपीके फाइल से साइबर ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का आरोपी धराया

 



पन्ना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नोएडा से आरोपी गिरफ्तार


(शेख फ़िरोज़)

भोपाल। मध्यप्रदेश के पन्ना जिले की पुलिस ने एपीके (APK) फाइल इंस्टॉल कर साइबर ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है । पुलिस ने उत्तर प्रदेश के नोएडा से एक आरोपी को गिरफ्तार कर  उसके कब्जे से 90 हजार रुपये नगद और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है।

साइबर हेल्पलाइन नंबर पर हुई थी शिकायत

मामले की शुरुआत तब हुई जब फरियादी गोपाल बंसकार ने 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई कि उसके सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, सिमरिया शाखा के खाते से नवी यूपीआई एप के माध्यम से 1 लाख 90 हजार रुपये की ठगी कर ली गई है।

एपीके फाइल इंस्टॉल कराकर की गई थी ठगी

शिकायत मिलते ही पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता नायडू के निर्देशन में साइबर सेल और पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने फरियादी के मोबाइल में एपीके फाइल इंस्टॉल कराकर उसका अनधिकृत एक्सेस हासिल किया था। इसके बाद मोबाइल की बैंकिंग और यूपीआई संबंधी संवेदनशील जानकारी प्राप्त कर खाते से अवैध ट्रांजेक्शन किए गए।
तकनीकी जांच और डिजिटल ट्रेल के विश्लेषण में पता चला कि 23 अप्रैल को खाते से 95 हजार रुपये और 27 अप्रैल को फिर 95 हजार रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर किए गए थे।

नोएडा से आरोपी को किया गिरफ्तार

पुलिस ने बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और साइबर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को नोएडा से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर साइबर फ्रॉड की वारदातों को अंजाम देता था।

मध्यप्रदेश पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजी गई एपीके फाइल, संदिग्ध लिंक या मोबाइल एप्लीकेशन डाउनलोड न करें। साथ ही ओटीपी, यूपीआई पिन और बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी गई है। साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने की अपील भी की गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ