2 जून को हटेगा कब्जा
(फिरदोस अंसारी)
भोपाल। राजधानी के निशातपुरा इलाके में खाली पड़े प्लॉटों पर अवैध कब्जे के बढ़ते मामलों के बीच जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, नजूल वृत्त गोविंदपुरा द्वारा 25 मई को जारी आदेश के बाद अब 2 जून को पुलिस बल और राजस्व अमले की मौजूदगी में कब्जा हटाने की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस पहल को आम लोगों के लिए राहत भरा कदम माना जा रहा है।
मामला ग्राम करोंदकला स्थित प्लॉट नंबर-56 से जुड़ा है, जहां विदेश में नौकरी करने वाले अफरोज अंसारी ने वर्ष 2012 में प्लॉट खरीदा था। हाल ही में जब वे निर्माण कार्य कराने पहुंचे तो देखा कि कुछ लोगों ने टीन शेड डालकर प्लॉट पर कब्जा कर लिया है और निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। विरोध करने पर उन्हें कथित रूप से धमकियां भी दी गईं।
अवैध कब्ज़ा धारियों पर लगेगा अंकुश..
पीड़ित द्वारा लगातार शिकायतें किए जाने के बाद राजस्व विभाग ने मामले की जांच की। जांच में कब्जा अवैध पाए जाने पर नायब तहसीलदार ने तत्काल राजस्व निरीक्षक एवं पटवारियों की टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश जारी किए। साथ ही निशातपुरा थाना प्रभारी को पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराने के लिए भी कहा गया है। प्रशासन की यह सक्रियता इलाके में लंबे समय से चल रहे कब्जे के मामलों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
खाली प्लॉटों पर नजर रखने वाले गिरोह सक्रिय
स्थानीय लोगों के अनुसार इलाके में ऐसे गिरोह सक्रिय हैं जो लंबे समय से खाली पड़े प्लॉटों और मकानों की जानकारी जुटाकर कब्जे की कोशिश करते हैं। पहले प्लॉट की स्थिति और मालिक की मौजूदगी की जानकारी निकाली जाती है, फिर पूरी तैयारी और कथित ‘सेटिंग’ के साथ कब्जा शुरू कर दिया जाता है।
जिला प्रशासन से बढ़ी उम्मीदें
हालांकि इस मामले में जिला प्रशासन द्वारा समयबद्ध कार्रवाई तय किए जाने से लोगों में उम्मीदें बढ़ी है कि शिकायतों पर अब सख्ती से कदम उठाए जाएंगे। क्षेत्र के नागरिकों का कहना है कि यदि इसी तरह प्रशासन सक्रिय रहा तो भू-माफियाओं के हौसले कमजोर होंगे।
आम लोगों के लिए सबक भी
यह मामला उन लोगों के लिए भी चेतावनी है जिन्होंने अपनी जमीन या मकान लंबे समय से खाली छोड़ रखे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि संपत्ति की नियमित निगरानी और दस्तावेजों को व्यवस्थित रखना बेहद जरूरी है, ताकि किसी भी अवैध कब्जे की स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
अब कार्रवाई पर टिकी निगाहें
अब पूरे इलाके की नजर 2 जून को होने वाली कार्रवाई पर टिकी हुई है। यदि प्रशासन कब्जा हटाने में सफल रहता है तो यह निशातपुरा क्षेत्र में भू-माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई मानी जाएगी।

0 टिप्पणियाँ