(शहर संवाददाता)
भोपाल। कोहेफिजा थाना क्षेत्र के बरैला गांव में एक युवती को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद शनिवार देर रात खूनी संघर्ष में बदल गया। दो गुटों के बीच हुई झड़प में फायरिंग और चाकूबाजी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है। वहीं घटना में गंभीर रूप से घायल हुए गुफरान का नाम पुलिस की प्रारंभिक जानकारी में सामने नहीं आने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
पुलिस के अनुसार बाजपेयी नगर निवासी 22 वर्षीय संजय उर्फ सनी नरवालिया विवाद में शामिल एक पक्ष से जुड़ा हुआ है। बताया जा रहा है कि संजय के साथी गुफरान के मित्र साहिल और बरैला गांव निवासी रहमान के बीच एक युवती को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते शनिवार देर रात दोनों पक्षों के बीच फिर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
पुलिस का कहना है कि विवाद बढ़ने पर रहमान ने अपने साथी कैफ उर्फ लाला को मौके पर बुलाया। आमने-सामने हुए दोनों गुटों के बीच तनाव बढ़ने पर कैफ ने कथित रूप से पिस्टल से दो राउंड फायर किए। इनमें से एक गोली संजय के पैर को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गया।
फायरिंग के बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने जवाबी हमला कर दिया। इस दौरान कैफ और रहमान पर चाकू से वार किए गए, जिससे दोनों घायल हो गए। स्थानीय सूत्रों के अनुसार घटना में गुफरान भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। बताया जा रहा है कि उसके शरीर पर चाकू से कई वार किए गए और उपचार के दौरान करीब 127 टांके लगाने पड़े। हालांकि पुलिस द्वारा जारी प्रारंभिक जानकारी में गुफरान की चोटों और उसकी भूमिका का उल्लेख नहीं किया गया है।
घटना की सूचना मिलने पर कोहेफिजा पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस का कहना है कि दोनों गुटों के बीच लंबे समय से तनाव और विवाद की स्थिति बनी हुई थी तथा पहले भी कई बार झगड़े हो चुके हैं। फायरिंग में इस्तेमाल पिस्टल की जांच की जा रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान भी की जा रही है।
संजय की शिकायत पर कैफ और उसके तीन साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। वहीं कैफ की शिकायत पर दूसरे पक्ष के लोगों के खिलाफ भी प्रतिप्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इलाके में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

0 टिप्पणियाँ