पुरानी रंजिश में दो गुट भिड़े, फायरिंग और चाकूबाजी से मचा हड़कंप

 



बारेला गांव में देर रात हुई वारदात, आधा दर्जन लोग हिरासत में

(शहर संवाददाता)

भोपाल। कोहेफिजा थाना क्षेत्र के बारेला गांव में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात पुरानी रंजिश को लेकर दो गुटों के बीच जमकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान फायरिंग और चाकूबाजी की घटना सामने आने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना में दो युवक घायल हुए हैं। इनमें एक युवक को गोली लगने तथा दूसरे को चाकू लगने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने मामले में लगभग आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है।

चली गोलिया..

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात करीब 2 बजे काजीकैंप क्षेत्र के बताए जा रहे कुछ युवक लालघाटी के समीप स्थित बारेला गांव पहुंचे थे। यहां किसी पुरानी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद के दौरान तीन राउंड फायरिंग की गई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।

दो घायल

सूत्रों के मुताबिक, झड़प में एक युवक को गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि दूसरे युवक को चाकू लगने की बात सामने आई है। घायल युवक का नाम गुफरान बताया जा रहा है। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

आधा दर्ज़न बदमाश हिरासत मे

घटना की सूचना मिलते ही कोहेफिजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए लोगों में एक नाबालिग सहित दो लोग बारेला गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।

जानकारी देने से बचते रहे थाना प्रभारी

कोहेफिजा थाना प्रभारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दो युवकों को मामूली चोटें आई हैं। हालांकि उन्होंने मामले की जांच जारी होने का हवाला देते हुए विस्तृत जानकारी देने से इनकार कर दिया। पुलिस फायरिंग और चाकूबाजी की घटना के संबंध में सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ