(विशेष संवाददाता)
भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने बुधवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 29 अधिकारियों के तबादले कर दिए गए। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश में कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं, वही भोपाल और रीवा संभाग के आयुक्त भी बदले गए हैं। इस फेरबदल को राज्य के प्रशासनिक ढांचे में महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
भोपाल संभाग की कमान नये कमिश्नर को
सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी कर्मवीर शर्मा को भोपाल संभाग का नया आयुक्त (कमिश्नर) नियुक्त किया है। वे अब तक अन्य महत्वपूर्ण प्रशासनिक दायित्व संभाल रहे थे। वहीं, वर्तमान भोपाल आयुक्त संजीव सिंह को सचिव, खेल एवं युवा कल्याण विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
रीवा संभाग में भी बदलाव
प्रशासनिक फेरबदल के तहत शीलेंद्र सिंह को रीवा संभाग का नया आयुक्त बनाया गया है। रीवा के वर्तमान आयुक्त बाबू सिंह जामोद को सचिव, नगरीय विकास एवं आवास विभाग के पद पर पदस्थ किया गया है।
इन अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारियां
तबादला सूची में कई प्रमुख अधिकारियों को महत्वपूर्ण विभागों की कमान सौंपी गई है-
- मुकेश चंद्र गुप्ता को प्रमुख सचिव, जेल विभाग बनाया गया।
- डॉ. ई. रमेश कुमार को प्रमुख सचिव, राजस्व विभाग तथा राहत एवं पुनर्वास आयुक्त का दायित्व मिला।
- विवेक कुमार पोरवाल को प्रमुख सचिव, खनिज साधन विभाग नियुक्त किया गया।
- दीपक सिंह को आयुक्त-सह-पंजीयक, सहकारी संस्थाएं, भोपाल बनाया गया।
- आलोक कुमार सिंह को पंजीयन महानिरीक्षक एवं अधीक्षक मुद्रांक की जिम्मेदारी दी गई।
- अमित तोमर को ऊर्जा विकास निगम का प्रबंध संचालक तथा नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया।
- सतेन्द्र सिंह को पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग का आयुक्त बनाया गया।
अतिरिक्त प्रभार में भी बदलाव
राज्य सरकार ने कुछ वरिष्ठ अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार दिए हैं तथा कुछ अधिकारियों को अतिरिक्त दायित्वों से मुक्त किया है। अपर मुख्य सचिव के.सी. गुप्ता को कृषि उत्पादन आयुक्त (APC) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है, जबकि अनिरुद्ध मुखर्जी को पर्यावरण विभाग और पर्यावरण आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।


0 टिप्पणियाँ