"ईद पर सूखे नल, प्यासा जोन-3: मेट्रो कार्य और निगम की लापरवाही से बढ़ा जल संकट"

 


टीला जमालपुरा, वार्ड-13 और 14 समेत कई इलाकों में नहीं हुई जलापूर्ति, शहरभर में टैंकरों के सहारे गुजारा कर रहे लोग

(शहर संवाददाता)

भोपाल। राजधानी में  भीषण गर्मी के बीच  जल संकट गंभीर होता जा रहा है। एक ओर कोलार ग्रेविटी मेन पाइपलाइन की मरम्मत के कारण शहर के दर्जनों इलाकों में पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई, वहीं दूसरी ओर जोन-3 के कई क्षेत्रों में पहले से चली आ रही समस्याओं ने लोगों की मुश्किलें और अधिक बढ़ा दी हैं। भीषण गर्मी के बीच नागरिकों को पानी के लिए टैंकरों और निजी संसाधनों पर निर्भर होना पड़ रहा है।

जोन-3 में ईद पर भी रही सप्लाई बाधित

सबसे अधिक परेशानी जोन-3 के वार्ड-13 और वार्ड-14 के रहवासियों को झेलनी पड़ी। स्थानीय लोगों के अनुसार, ईद-उल-अजहा की तैयारियों के दौरान भी क्षेत्र में नियमित जलापूर्ति नहीं हुई। टीला जमालपुरा, शाहजहानाबाद और आसपास के इलाकों में पानी नहीं पहुंचने से लोगों को त्योहार की तैयारियों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। रहवासियों को बताया गया कि मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान जलापूर्ति पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसके चलते सप्लाई बाधित हुई। लोगों का आरोप है कि नगर निगम वैकल्पिक व्यवस्था करने में भी विफल रहा।

मेंटेनेंस कार्य के चलते 75 से अधिक क्षेत्र प्रभावित

उधर, कोलार ग्रेविटी मेन लाइन के मेंटेनेंस कार्य के चलते शहर के करीब 75 से अधिक क्षेत्रों में जलापूर्ति प्रभावित हुई। निगम ने पहले से सप्लाई बंद रहने की सूचना तो जारी की थी, लेकिन मरम्मत कार्य लंबा खिंचने से कई इलाकों में निर्धारित समय के बाद भी पानी नहीं पहुंच सका। कई स्थानों पर कम दबाव से पानी आया, जबकि कुछ क्षेत्रों में लोग पूरी तरह टैंकरों पर निर्भर रहे।

भीषण गर्मी में पानी की सप्लाई नहीं होने पर नगर निगम की व्यवस्था से लोग नाराज़

शहर के नागरिकों का कहना है कि भोपाल में जल संकट अब केवल तकनीकी खराबी का मामला नहीं रह गया है, बल्कि यह नगर निगम की योजना और प्रबंधन की विफलता को भी उजागर करता है। मेट्रो निर्माण, पाइपलाइन लीकेज, मरम्मत कार्य और पुरानी जल वितरण व्यवस्था का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। हर कुछ दिनों में किसी न किसी इलाके में जलापूर्ति बाधित होने की शिकायतें सामने आती हैं, लेकिन स्थायी समाधान नजर नहीं आता।

विशेष रूप से जोन-3 के रहवासियों में निगम के प्रति नाराजगी बढ़ रही है। लोगों का कहना है कि जब नियमित रूप से जलकर वसूला जा रहा है तो नागरिकों को समय पर पानी उपलब्ध कराना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है। त्योहारों के दौरान भी यदि लोग पानी के लिए परेशान रहें तो यह व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ