(नवेद खान)
रायसेन। भोपाल-रायसेन मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की जान चली गई, जबकि 15 से अधिक यात्री घायल हो गए। दुर्घटना रायसेन जिले के सेहतगंज टोल प्लाजा के पास हुई, जहां दो यात्री बसें आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि बसों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
घायलों को भोपाल और रायसेन के अस्पतालों में किया भर्ती
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे हुआ। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और 108 एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से बसों में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को तत्काल भोपाल और रायसेन के अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
दर्द नाक हादसे में 4 की मौत
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक गंभीर घायल ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में नितेश व्यास (28 वर्ष) निवासी सुल्तानगंज और माखन लोधी (29 वर्ष) निवासी बेगमगंज की पहचान हुई है। अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
हादसे के कारण भोपाल-रायसेन मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बसों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है। घायलों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार जारी है और प्रशासन उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

0 टिप्पणियाँ