(विशेष संवाददाता)
भोपाल। पुलिस विभाग में प्रशासनिक फेरबदल करते हुए मध्य प्रदेश सरकार ने शुक्रवार को 8 आईपीएस अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार विभिन्न जिलों में पदस्थ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल में हाल ही में चर्चाओं में रहे आईपीएस अधिकारी आयुष जाखड़ को जबलपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) के पद पर पदस्थ किया गया है।
आदेश के अनुसार ग्वालियर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में पदस्थ अनु बेनिवाल को जबलपुर भेजा गया है। बालाघाट जिले के लांजी एसडीओपी ओमप्रकाश को इंदौर में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (जोन-3) बनाया गया है। वहीं बैहर एसडीओपी करणदीप को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उज्जैन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी प्रकार शिवपुरी जिले के करैरा एसडीओपी आयुष जाखड़ को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जबलपुर, सिंगरौली के एसडीओपी गौरव पाण्डेय को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सतना, नरसिंहगढ़ एसडीओपी मिनी शुक्ला को भोपाल में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (जोन-2), सबलगढ़ एसडीओपी राज कृष्णा को महू में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा धार के नगर पुलिस अधीक्षक सुजावल जग्गा को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्वालियर पदस्थ किया गया है।
सरकार द्वारा किए गए इस फेरबदल को पुलिस प्रशासन में कार्यकुशलता बढ़ाने और कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उल्लेखनीय है कि तबादला सूची में शामिल अधिकांश अधिकारी 2022 बैच के आईपीएस हैं और उन्हें मैदानी अनुभव के आधार पर नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।

0 टिप्पणियाँ