इश्क में इंकार बर्दाश्त नहीं हुआ, युवक ने पूर्व प्रेमिका और उसकी बहन को चाकू से गोदा

 


(क्राइम रिपोर्टर)

भोपाल।  छोला मंदिर थाना इलाके में एकतरफा प्यार का खौफनाक मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने बातचीत करने से इनकार करने पर अपनी पूर्व प्रेमिका पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। युवती को बचाने पहुंची उसकी बड़ी बहन को भी आरोपी ने नहीं बख्शा और उस पर भी चाकू से कई वार कर घायल कर दिया। दोनों बहनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि आरोपी घटना के बाद से फरार है।

चाकू से किया कई वार 

पुलिस के अनुसार, घटना शंकर नगर इलाके की है। 19 वर्षीय युवती और उसकी 23 वर्षीय बड़ी बहन मंगलवार शाम घर लौट रही थीं। इसी दौरान युवती के सामने अक्षय चंदेल  आ गया और उससे बात करने का दबाव बनाने लगा। युवती द्वारा बातचीत से इनकार किए जाने पर आरोपी भड़क गया और उसने अपने पास से चाकू निकलकर युवती पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

बचाने आई बहन पर भी किया जानलेवा हमला

हमले में युवती की गर्दन, चेहरा, पीठ और हाथों पर गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर बड़ी बहन बीच-बचाव के लिए पहुंची तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया, जिससे उसके चेहरे पर गहरा घाव हो गया। वारदात के दौरान क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी वहां से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों का उपचार जारी है और उनकी हालत पर निगरानी रखी जा रही है।

लिव-इन रिलेशनशिप में भी रहे

बताया जा रहा है कि आरोपी और युवती के बीच पहले प्रेम संबंध थे तथा दोनों कुछ समय तक लिव-इन रिलेशनशिप में भी रहे थे। बाद में दोनों के बीच संबंध समाप्त हो गए थे। इसके बावजूद आरोपी युवती पर लगातार संपर्क बनाए रखने और बातचीत करने का दबाव बना रहा था। पुलिस प्रारंभिक जांच में इसे एकतरफा प्रेम और रिश्ते में विवाद से जुड़ा मामला मान रही है।

सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई घटना

घटना का कुछ हिस्सा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुआ है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है। छोला मंदिर थाना पुलिस ने आरोपी अक्षय चंदेल के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ