भोपाल डबल मर्डर: 12 सदस्यीय SIT की जांच तेज, ₹50 हजार का इनाम घोषित, संपत्ति विवाद समेत कई एंगल पर फोकस


(शहर संवाददाता)

भोपाल।  ऐशबाग थाना अंतर्गत सुदामा नगर (आंबेडकर कॉलोनी) में सेवानिवृत्त दंपति हेमंत फिलेमोन और उनकी पत्नी शकुंतला बारीक फिलेमोन  की सनसनीखेज हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए राजधानी पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने आरोपियों की सूचना देने वाले को ₹50,000 का इनाम देने कि घोषणा की है। मामले की जांच के लिए 12 सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) गठित कि गई है, जिसमें क्राइम ब्रांच, साइबर सेल और स्थानीय पुलिस के अधिकारी शामिल हैं।


26 जून को दंपति के शव घर में काफी खराब हालत में मिले थे।

दंपति के शव 26 जून को उनके घर से काफी खराब हालत में बरामद हुए थे। प्रारंभिक जांच में घटनास्थल से तीन से चार खाली कारतूस मिले, जबकि घर में जबरन घुसने या लूटपाट के स्पष्ट निशान नहीं मिले। पुलिस का मानना है कि बदमाशों ने बारिश और अंधेरे का फायदा उठाकर सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया।


संपत्ति विवाद और सुपारी किलिंग के एंगल पर जांच

जांच एजेंसियां इस हत्याकांड को कई एंगल से देख रही हैं। करोड़ों रुपये की संपत्ति को लेकर विवाद, पेशेवर शूटरों के इस्तेमाल की आशंका, रिश्तेदारों की भूमिका और किराएदारों से जुड़े पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी भी व्यक्ति को आरोपी घोषित नहीं किया है।


रिश्तेदारों से लंबी पूछताछ

SIT ने मृतका के भाई, समधी सहित कई रिश्तेदारों और परिचितों से घंटों पूछताछ की है। उनके मोबाइल फोन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और लोकेशन की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ जांच प्रक्रिया का हिस्सा है और किसी को अभी क्लीन चिट या दोषी नहीं माना गया है।


CCTV और साइबर जांच से अहम सुराग

जांच टीम आसपास के CCTV फुटेज, मोबाइल लोकेशन, डिजिटल ट्रांजेक्शन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का विश्लेषण कर रही है। रेनकोट और ग्लव्स पहने संदिग्धों की गतिविधियां, शराब दुकान पर हुए डिजिटल भुगतान और अन्य तकनीकी इनपुट की जांच की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि तकनीकी साक्ष्य मामले के खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।


SIT  कर रही है जांच

विशेष जांच दल ने मामले को अलग-अलग हिस्सों में बांटकर जांच शुरू की है। फोरेंसिक और बैलिस्टिक रिपोर्ट, डीएनए और फिंगरप्रिंट परीक्षण, डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण, गवाहों के बयान, संपत्ति संबंधी दस्तावेज, बैंक लेन-देन और संदिग्धों की गतिविधियों की अलग-अलग टीमें जांच कर रही हैं। वरिष्ठ अधिकारियों को नियमित प्रगति रिपोर्ट भी भेजी जा रही है।

फिलहाल इस दोहरे हत्याकांड में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद ही आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ