अमृत भारत स्टेशन योजना: मध्य प्रदेश के 13 रेलवे स्टेशनों को मिली नई पहचान, 80 स्टेशनों के कायाकल्प पर लगभग ₹3,000 करोड़ खर्च

 



(विशेष संवाददाता)

भोपाल। भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत मध्य प्रदेश के 13 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर प्रदेश के विदिशा, सांची, अशोकनगर, शिवपुरी, ब्योहारी, भिंड, हरपालपुर, छतरपुर, टीकमगढ़, जुन्नारदेव, बालाघाट, छिंदवाड़ा और नैनपुर रेलवे स्टेशन आधुनिक स्वरूप में देश को समर्पित किए गए।

अमृत भारत स्टेशन योजना का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों को केवल आवागमन का केंद्र नहीं, बल्कि आधुनिक, सुरक्षित, सुविधाजनक और स्थानीय संस्कृति की पहचान से जुड़े सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित करना है। इसी सोच के तहत इन स्टेशनों का पुनर्विकास किया गया है।


मध्य प्रदेश में इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत लगभग 3,000 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 80 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। इनमें से 13 स्टेशनों का कार्य पूरा होने के बाद उन्हें यात्रियों के लिए समर्पित कर दिया गया है।


यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

पुनर्विकसित स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। इनमें आकर्षक स्टेशन भवन, बेहतर प्रवेश द्वार, विशाल प्रतीक्षालय, स्वच्छ शौचालय, पेयजल व्यवस्था, डिजिटल सूचना डिस्प्ले, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, दिव्यांगजन के लिए रैंप, लिफ्ट एवं आवश्यकतानुसार एस्केलेटर, नए फुट ओवरब्रिज, बेहतर पार्किंग और सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था शामिल हैं। साथ ही स्टेशनों की डिजाइन में स्थानीय कला, संस्कृति और ऐतिहासिक पहचान को भी प्रमुखता दी गई है।


पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा

रेलवे का मानना है कि आधुनिक स्टेशनों से यात्रियों को बेहतर अनुभव मिलने के साथ-साथ पर्यटन को भी गति मिलेगी। विशेष रूप से सांची जैसे विश्व धरोहर स्थल, विदिशा, शिवपुरी, छिंदवाड़ा तथा अन्य क्षेत्रों में आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही स्थानीय व्यापार, रोजगार और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।


देशभर में चल रहा है बड़ा अभियान

अमृत भारत स्टेशन योजना भारतीय रेलवे की सबसे बड़ी पुनर्विकास परियोजनाओं में शामिल है। इसके तहत देशभर में चरणबद्ध तरीके से रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें और स्टेशन शहरों की सांस्कृतिक पहचान के अनुरूप विकसित हो सकें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ