(शहर संवाददाता)
भोपाल। राजधानी में चलाए जा रहे 'नशा मुक्ति अभियान 2.0' के तहत भोपाल पुलिस और क्राइम ब्रांच ने पिछले 48 घंटों में मादक पदार्थों के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें टीला थाना पुलिस ने दो और क्राइम ब्रांच ने अलग-अलग कार्रवाई में 12 आरोपी शामिल हैं। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 83.27 ग्राम स्मैक, 927 ग्राम गांजा, 1.4 ग्राम एमडी ड्रग, एक कार, दो दोपहिया वाहन, सात मोबाइल फोन समेत कुल करीब 38.43 लाख रुपये का माल जब्त किया है।
टीला पुलिस ने 9 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर पकड़े
टीला थाना पुलिस को मुखबिर से मिली सूचना पर कार्यवाही करते हुए इस्लामी गेट ग्राउंड के पास से घेराबंदी कर वरुण दांगी (20) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 9 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 1.30 लाख रुपये बताई गई है।
पूछताछ में आरोपी ने स्मैक की खरीदी अनुज उर्फ अन्नू साहू से करना बताया। इसके बाद पुलिस ने अनुज को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार अनुज के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, जुआ एक्ट और मारपीट सहित कई पुराने आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले में स्मैक सप्लाई नेटवर्क की जांच जारी है।
क्राइम ब्रांच ने अंतर्राज्यीय ड्रग सिंडिकेट का किया पर्दाफाश
क्राइम ब्रांच ने कटारा हिल्स क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 74.27 ग्राम स्मैक के साथ सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों में भोपाल, राजगढ़ और राजस्थान के निवासी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार यह गिरोह राजस्थान से स्मैक लाकर भोपाल और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करता था।
कार्रवाई के दौरान एक कार, दो दोपहिया वाहन और सात मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। पुलिस को आशंका है कि गिरोह के तार अन्य जिलों और पड़ोसी राज्य राजस्थान तक जुड़े हैं। जब्त मोबाइल फोन के डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
गांजा और एमडी ड्रग के मामलों में भी कार्रवाई
क्राइम ब्रांच ने अलग-अलग कार्रवाई में 426 ग्राम गांजा के साथ एक महिला और उसके सप्लायर को गिरफ्तार किया। एक अन्य कार्रवाई में 501 ग्राम गांजा के साथ एक आरोपी पकड़ा गया। वहीं शाहजहांनाबाद क्षेत्र में 1.4 ग्राम एमडी ड्रग के साथ एक विधि-विरुद्ध बालिका को भी हिरासत में लिया गया।

0 टिप्पणियाँ