पुलिस चेकिंग के बीच चोर ले उड़ा स्कूटर, 48 घंटे बाद आरोपी गिरफ्तार

 

 


(शहर संवाददाता)


भोपाल। राजधानी में पुलिस की सख्त वाहन चेकिंग के दावों पर उस समय सवाल खड़े हो गए, जब भारत टॉकीज तिराहे पर चल रही पुलिस चेकिंग के दौरान ही एक शातिर चोर सड़क किनारे खड़ी स्कूटर लेकर फरार हो गया। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब चारों ओर पुलिस मौजूद थी, तब भी आरोपी बेखौफ होकर वाहन चोरी कर निकल गया।

घटना 13 जुलाई की है। फरियादी मोहम्मद सगीर अपने साले की सुजुकी बर्गमैन (MP-04 ZY-8982) से इब्राहिमपुरा जा रहे थे। भारत टॉकीज तिराहे पर पुलिस चेकिंग देखकर उन्होंने स्कूटर किनारे खड़ी कर दी। चाबी वाहन में ही लगी थी और वे फोन पर बात करने लगे। इसी दौरान एक शातिर बदमाश मौका देखकर स्कूटर लेकर फरार हो गया। पुलिस की मौजूदगी में हुई यह वारदात कई सवाल छोड़ गई।


48 घंटे के भीतर वाहन बरामद

मंगलवारा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच में आरोपी की पहचान मोहम्मद कैफ (20 वर्ष) निवासी कांग्रेस नगर, टीलाजमालपुरा के रूप में हुई। पुलिस ने 48 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर करीब 50 हजार रुपये कीमत की चोरी गई स्कूटर बरामद कर ली। आरोपी के खिलाफ पहले भी एक आपराधिक मामला दर्ज होना सामने आया है और उसके अन्य रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।


चेकिंग या सिर्फ औपचारिकता?

यह घटना पुलिस की चेकिंग व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। यदि पुलिस की मौजूदगी और सघन चेकिंग के बीच ही एक बदमाश आराम से वाहन चोरी कर निकल सकता है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठना लाज़िमी है। क्या अपराधियों में पुलिस का खौफ कम हो गया है, या फिर चेकिंग केवल नियमों का पालन कराने तक सीमित रह गई है?

हालांकि, यह भी सच है कि मंगलवारा पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज 48 घंटे में आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का वाहन बरामद कर लिया, जो सराहनीय है। लेकिन यह कार्रवाई उस चूक पर पर्दा नहीं डाल सकती कि वारदात पुलिस चेकिंग के दौरान ही हुई।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ