भोपाल डबल मर्डर केस: प्रॉपर्टी ब्रोकर श्रीकांत और शशिकांत चिचलिया 5 दिन की पुलिस रिमांड पर, बड़े तालाब से हथियार खोजने वाले तीन गोताखोर सम्मानित



(शहर संवाददाता)

भोपाल। ऐशबाग थाना क्षेत्र के बहुचर्चित वृद्ध दंपति हेमंत फिलेमोन और उनकी पत्नी शकुंतला फिलेमोन की हत्या के मामले में भोपाल पुलिस की जांच लगातार नए खुलासे कर रही है। मामले में गिरफ्तार प्रॉपर्टी ब्रोकर श्रीकांत चिचलिया और उसके छोटे भाई शशिकांत चिचलिया को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने दोनों को पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया। पुलिस रिमांड के दौरान हत्या की साजिश, संपत्ति विवाद, फर्जी दस्तावेज, हथियारों की व्यवस्था तथा मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की गहन जांच करेगी।


हत्या में इस्तेमाल दोनों हथियार बरामद

जांच के दौरान पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल दोनों हथियार बरामद कर लिए हैं। इनमें से एक हथियार आरोपियों की निशानदेही पर बड़े तालाब से बरामद किया गया, जिसे खोज निकालना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती था। घंटों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद बड़े तालाब की मिट्टी और गारे के बीच से दोनों हथियार बरामद किए गए। इस अभियान में तीन गोताखोरों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


पुलिस कमिश्नर ने किया गोताखोरों को सम्मानित

इस उल्लेखनीय कार्य के लिए भोपाल पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने अपने कार्यालय में गोताखोर मोहम्मद इमरान, मधुकर सेन और मज़हर को ₹5,000-₹5,000 की नगद पुरस्कार राशि तथा प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। पुलिस आयुक्त ने तीनों के साहस, धैर्य और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से इस सनसनीखेज हत्याकांड की जांच को महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं।


अवैध हथियार उपलब्ध कराने वालों की तलाश तेज

पुलिस की जांच अब संपत्ति विवाद और कथित साजिश के पूरे नेटवर्क पर केंद्रित है। मृतका शकुंतला फिलेमोन की भाभी शिवानी बारीक की भूमिका भी जांच के दायरे में है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल, संपत्ति संबंधी दस्तावेजों और फर्जी गिफ्ट डीड से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही अवैध हथियार उपलब्ध कराने वालों और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश भी जारी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ