(शेख फिरोज़)
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ छेड़े गए अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए महज 6 दिनों में 70 लाख रुपये से अधिक की चोरी गई संपत्ति बरामद कर 33 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान कई अंतर्राज्यीय और संगठित चोरी गिरोहों का भंडाफोड़ कर प्रदेशभर के चर्चित चोरी प्रकरणों का खुलासा किया गया।
सबसे बड़ी कार्रवाई गुना में हुई, जहां 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर 21.20 लाख रुपये की 11 सोने की चेन बरामद की गई। वहीं भोपाल जीआरपी ने ट्रेनों में वारदात करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के 9 सदस्यों को दबोचते हुए करीब 15 लाख रुपये के स्वर्णाभूषण और अन्य चोरी का माल बरामद किया। शिवपुरी में 24 घंटे के भीतर अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश कर 11.60 लाख रुपये की संपत्ति, बड़वानी में 12 लाख रुपये का चोरी का माल, सीहोर के जैन मंदिर चोरी कांड में करीब 8 लाख रुपये की संपत्ति तथा खरगोन में सोने-चांदी के आभूषण और नकदी सहित 2.85 लाख रुपये का माल बरामद किया गया।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार, तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और अंतर्राज्यीय समन्वय की मदद से संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। अभियान का उद्देश्य चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के साथ अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करना है।

0 टिप्पणियाँ