शाम 6 बजे खजराना गणेश की झांकी से होगी शुरुआत, हर झांकी में अधिकतम दो स्पीकर की अनुमति
(विशेष संवाददाता)
इंदौर। अनंत चतुर्दशी के अवसर पर इंदौर में निकलने वाले ऐतिहासिक झांकी चल समारोह की तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। 25 सितंबर को होने वाले इस पारंपरिक समारोह को लेकर प्रशासन ने झांकी और अखाड़ा संचालकों के साथ बैठक कर कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। कलेक्टर शिवम वर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में समय की पाबंदी, अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया।
डीजे पर पूरी तरह रोक
प्रशासन ने झांकी चल समारोह में डीजे के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाया है। प्रत्येक झांकी में अधिकतम दो स्पीकर लगाए जा सकेंगे। ध्वनि व्यवस्था को लेकर निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा।
शाम 6 बजे निकलेगी पहली झांकी
25 सितंबर की शाम करीब 6 बजे झांकी चल समारोह की शुरुआत होगी। पहली झांकी श्री खजराना गणेश मंदिर की रहेगी। इसके बाद निर्धारित क्रम में अन्य झांकियां आगे बढ़ेंगी। प्रशासन ने इस बार झांकियों के क्रम में नई झांकी शामिल नहीं करने का निर्णय लिया है।
यह रहेगा झांकियों का क्रम
1. श्री खजराना गणेश मंदिर
2. शास्त्री कॉर्नर नवयुवक मंडल
3. इंदौर विकास प्राधिकरण
4. इंदौर नगर निगम
5. होप टेक्सटाइल/भंडारी मिल
6. कल्याण मिल
7. मालवा मिल
8. हुकुमचंद मिल
9. स्वदेशी मिल
10. राजकुमार मिल
11. स्पूतनिक ट्यूटोरियल एकेडमी
इन मार्गों से गुजरेगा कारवां
झांकी चल समारोह का मार्ग शहर के प्रमुख इलाकों से होकर गुजरेगा। इसमें मिल क्षेत्र, जेल रोड, एमजी रोड, कृष्णपुरा, नंदलालपुरा, जवाहर मार्ग, नृसिंह बाजार, सीतलामाता बाजार, गोराकुंड, खजूरी बाजार और राजवाड़ा प्रमुख रूप से शामिल हैं। जिला प्रशासन के अनुसार इंदौर का यह पारंपरिक समारोह शहर की विशिष्ट पहचान है।
अखाड़ों पर भी रहेगी नजर
प्रशासन ने अखाड़ों को भी अनुशासन और निर्धारित समय सीमा में प्रदर्शन पूरा करने के निर्देश दिए हैं। अखाड़ों में धारदार और घातक हथियारों की अनुमति नहीं होगी। शराब और नशे के सेवन पर भी रोक रहेगी। खलीफा को केवल प्रतीकात्मक तलवार रखने की अनुमति होगी।
अखाड़ों के सदस्यों के लिए पहचान वाली पोशाक, बनियान या बैज रखने तथा साथ चलने वाले वाहनों की संख्या सीमित रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
सुरक्षा और यातायात की तैयारी तेज
25 सितंबर को बड़ी संख्या में शहरवासियों के सड़कों पर पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया है। 21 सितंबर को कलेक्टर शिवम वर्मा और पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह सहित अधिकारियों ने झांकी मार्ग का निरीक्षण किया और संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
झांकी मार्ग करीब 7 किलोमीटर लंबा है। नगर निगम द्वारा मार्ग की सड़कों, प्रकाश व्यवस्था, सफाई और अन्य नागरिक सुविधाओं को दुरुस्त करने का काम किया जा रहा है। भारी झांकियों को देखते हुए जवाहर मार्ग, जेल रोड और एमजी रोड सहित प्रमुख हिस्सों में सड़क सुधार कार्य भी किए जा रहे हैं।
इंदौर की परंपरा का खास हिस्सा
अनंत चतुर्दशी का झांकी चल समारोह इंदौर की पुरानी और विशिष्ट परंपराओं में शामिल है। हर वर्ष मिल क्षेत्रों और विभिन्न संस्थाओं द्वारा तैयार की गई झांकियां हजारों लोगों के आकर्षण का केंद्र बनती हैं। इस बार भी प्रशासन का जोर समारोह को समयबद्ध, व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने पर है।
25 सितंबर की शाम 6 बजे खजराना गणेश की झांकी के साथ शुरू होने वाला यह कारवां देर रात तक शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगा।

0 टिप्पणियाँ