(शहर संवाददाता)
भोपाल। जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में अधिवक्ता से कथित मारपीट के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस उपायुक्त जोन-1 अखिल पटेल ने थाना प्रभारी राजन सिंह अहिरवार सहित दो आरक्षकों यश लखेरा और रामस्वरूप को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले की प्राथमिक जांच 7 दिन में पूरी कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार घटना 22 सितंबर की रात की है। अधिवक्ता राकेश रावल खटलापुरा क्षेत्र से अपने घर की ओर जा रहे थे। इस दौरान रास्ते में धार्मिक कार्यक्रम के कारण यातायात रोका गया था। रास्ता बंद होने को लेकर अधिवक्ता और पुलिसकर्मियों के बीच विवाद होने की बात सामने आई है।
आरोप है कि विवाद के बाद पुलिसकर्मी अधिवक्ता को जहांगीराबाद थाने ले गए। अधिवक्ता ने आरोप लगाया कि थाने में उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। उनके शरीर पर चोट के निशान और कपड़ों पर कीचड़ होने की बात भी सामने आई है। घटना से जुड़े वीडियो भी सामने आने की जानकारी है।
थाने पहुंच गए बड़ी संख्या में वकील
मामले की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में अधिवक्ता जहांगीराबाद थाने पहुंचे और पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। देर रात तक थाने में विरोध चलता रहा। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
DCP ने दिए जांच के आदेश
घटना को गंभीरता से लेते हुए डीसीपी जोन-1 अखिल पटेल ने 23 सितंबर को आदेश जारी कर थाना प्रभारी राजन सिंह अहिरवार, आरक्षक यश लखेरा और आरक्षक रामस्वरूप को निलंबित कर दिया। तीनों को निलंबन अवधि में रक्षित केंद्र भोपाल से संबद्ध किया गया है।
साथ ही ACP हबीबगंज संभाग को 7 दिन के भीतर प्राथमिक जांच पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

0 टिप्पणियाँ