शादाब समीर (लकी)
बैतूल। बडोरा कृषि उपज मंडी में रास्ते में खड़े ट्रक को हटाने की बात कहना एक व्यापारी के मुनीम को भारी पड़ गया। मामूली कहासुनी के बाद ट्रक चालक और उसके साथियों पर मुनीम के साथ चाकू, लोहे की चेन और लाठियों से हमला करने का आरोप है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला गरमा गया है। शनिवार 28 नवंबर को यादव समाज, व्यापारी संगठनों और अन्य संगठनों के प्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
रास्ते से ट्रक हटाने को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, घटना 26 नवंबर की रात करीब 11 बजे की है। बडोरा कृषि उपज मंडी में अनाज व्यापारी के यहां मुनीम के रूप में काम करने वाले संतोष यादव ने रास्ते में खड़े ट्रक को हटाने के लिए चालक सलीम से कहा था। आरोप है कि इसी बात पर चालक नाराज हो गया और संतोष के साथ गाली-गलौच करते हुए मारपीट करने लगा।
बताया गया कि इसके बाद ट्रक चालक ने फोन कर अपने कुछ रिश्तेदारों और साथियों को बुला लिया। कुछ देर बाद ऑटो से पहुंचे युवकों ने संतोष यादव को घेर लिया और उन पर चाकू, लोहे की चेन तथा लाठियों से हमला कर दिया। हमले में संतोष को गंभीर चोटें आईं। उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
CCTV में कैद हुई घटना
मारपीट की पूरी वारदात मंडी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। फुटेज सामने आने के बाद घटना को लेकर स्थानीय व्यापारियों और समाज के लोगों में नाराजगी बढ़ गई। लोगों ने मंडी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं।
आज यादव समाज और व्यापारियों ने किया प्रदर्शन
घटना के विरोध में शनिवार को यादव समाज और व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने एसपी के नाम ज्ञापन सौंपकर घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की।
ज्ञापन में मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने, मंडी परिसर के सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान जांच में शामिल करने तथा पीड़ित संतोष यादव और उनके परिवार को सुरक्षा देने की मांग की गई।
व्यापारी संगठनों ने मंडी परिसर में स्थायी पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग भी उठाई। उनका कहना है कि मंडी में प्रतिदिन बड़ी संख्या में किसान, व्यापारी, वाहन चालक और हम्माल मौजूद रहते हैं। ऐसे में बाहरी लोगों का मंडी परिसर में पहुंचकर इस तरह हमला करना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, एक आरोपी गिरफ्तार
प्रदर्शन के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खारपुसे ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि घटना के संबंध में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया जा चुका है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
मंडी की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना ने बडोरा कृषि उपज मंडी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यापारियों की मांग है कि मंडी परिसर में पुलिस चौकी स्थापित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। अब देखना होगा कि पुलिस शेष आरोपियों के खिलाफ कब तक कार्रवाई करती है और मंडी की सुरक्षा व्यवस्था में क्या सुधार किए जाते हैं।

0 टिप्पणियाँ