(विशेष संवाददाता)
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रालय में हुई कैबिनेट बैठक में सोमवार को कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक के बाद सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य कश्यप ने फैसलों की जानकारी दी। बैठक में लाडली बहना योजना को प्रमुखता में रखा गया और योजना से जुड़ा बड़ा निर्णय लिया गया।
लाडली बहना योजना के लाभ में बढ़ोतरी
कैबिनेट ने लाडली बहना योजना की मासिक राशि बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। अब प्रदेश की बहनों को 1250 रुपये की जगह 1500 रुपये प्रति माह दिए जाएंगे।
- मध्यप्रदेश में वर्तमान में 1.26 करोड़ लाडली बहने योजना से लाभान्वित हो रही हैं।
- अब तक बहनों के खातों में लगभग 44 हजार करोड़ रुपये ट्रांसफर किए जा चुके हैं।
- मुख्यमंत्री मोहन यादव 12 नवंबर को सिवनी से बढ़ी हुई राशि ट्रांसफर करेंगे।
योजना में अब भी छूट गई पात्र महिलाओं के नाम जोड़ने के विषय पर मंत्री कश्यप ने कहा कि यह एक सतत प्रक्रिया है, और समय आने पर इस पर सरकारी निर्णय लिया जाएगा।
खंडवा के मांधाता में जिला न्यायालय की स्थापना
कैबिनेट ने खंडवा जिले के मांधाता (ओंकारेश्वर) में नए जिला न्यायालय खोलने की स्वीकृति दी है। इससे क्षेत्र के लोगों को न्यायिक कार्यों के लिए दूर जाने की परेशानी से राहत मिलेगी। यह निर्णय प्रशासनिक सुविधा और स्थानीय नागरिकों की मांग को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
ओंकारेश्वर एकात्म धाम परियोजना की लागत बढ़ी
कैबिनेट ने ओंकारेश्वर एकात्म धाम (एकात्म यात्रा परियोजना) की लागत को मंजूरी प्रदान की।
- पूर्व लागत: 2195 करोड़ रुपये
- संशोधित नई लागत: 2424.369 करोड़ रुपये
लागत बढ़ोतरी को परियोजना के विस्तार और अतिरिक्त कार्यों के लिए आवश्यक बताया गया है।
भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर राज्य स्तरीय आयोजन
कैबिनेट ने भगवान बिरसा मुंडा जयंती को राज्य स्तरीय कार्यक्रम के रूप में आयोजित करने का निर्णय लिया। इस आयोजन का उद्देश्य जनजातीय नायक बिरसा मुंडा के योगदान और उनकी विरासत को संपूर्ण प्रदेश में व्यापक रूप से प्रचारित करना है।

0 Comments