मध्यप्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल

 


93 आईएएस–आईपीएस अधिकारियों को पदोन्नति

(विशेष संवाददाता)

भोपाल। मध्यप्रदेश शासन ने प्रशासनिक ढांचे को सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए व्यापक स्तर पर पदोन्नति आदेश जारी किए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग और गृह विभाग द्वारा जारी आदेश में राज्य कैडर के 93 आईएएस और आईपीएस अधिकारियों को उच्च पदों पर पदोन्नत किया गया है। इन पदोन्नतियों में प्रमुख सचिव, सचिव, पुलिस महानिदेशक (डीजी) और विशेष डीजी जैसे महत्वपूर्ण पद शामिल हैं।

एम. सेल्वेंद्रन बने प्रमुख सचिव

पदोन्नति सूची के अनुसार वरिष्ठ आईएएस अधिकारी एम. सेल्वेंद्रन को प्रमुख सचिव पद पर पदोन्नत किया गया है। शासन में उनकी गिनती अनुभवी अधिकारियों में होती है और विभिन्न विभागों में उनके कार्यकाल को प्रभावी माना जाता रहा है।

14 अधिकारियों को सचिव स्तर की जिम्मेदारी

शासन द्वारा जारी सूची में कई अधिकारियों को सचिव स्तर पर पदोन्नति दी गई है। इनमें दीपक सिंह, अनय द्विवेदी, कौशलेंद्र विक्रम सिंह, तरुण राठी, कर्मवीर शर्मा, भास्कर लक्षकार, अभिजीत अग्रवाल, आशीष सिंह, छोटे सिंह, दिनेश श्रीवास्तव, सपना निगम, दीपक कुमार सक्सेना, रामप्रताप सिंह जोदान और बंसत कुर्रे के नाम शामिल हैं।

पुलिस विभाग में भी वरिष्ठ पदों पर नियुक्तियां

गृह विभाग की ओर से जारी आदेश में कई आईपीएस अधिकारियों को डीजी और स्पेशल डीजी स्तर पर पदोन्नति दी गई है। इससे पुलिस प्रशासन में वरिष्ठ नेतृत्व को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। संबंधित अधिकारियों की नई पदस्थापना के आदेश शीघ्र जारी किए जाएंगे।

लंबे समय से लंबित पदोन्नतियों का समाधान

शासन सूत्रों के अनुसार ये पदोन्नतियां वरिष्ठता, सेवा अभिलेख और उपलब्ध रिक्त पदों के आधार पर की गई हैं। लंबे समय से उच्च पद रिक्त होने के कारण प्रशासनिक कार्यों पर असर पड़ रहा था, जिसे दूर करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।

प्रशासनिक कार्यक्षमता बढ़ने की उम्मीद

प्रशासनिक जानकारों का मानना है कि इस बड़े स्तर की पदोन्नति से शासन की निर्णय प्रक्रिया तेज होगी और योजनाओं के क्रियान्वयन में भी सुधार आएगा।

Post a Comment

0 Comments