गोविंदपुरा पुलिस ने 48 घंटे में सुलझाया अंधे कत्ल मामला

 


प्रेमिका ने पुराने प्रेमी संग मिलकर रची हत्या की साजिश

(क्राइम रिपोर्टर)

 भोपाल। गोविंदपुरा थाना पुलिस ने भेल स्पोर्ट्स क्लब क्षेत्र में हुए अंधे कत्ल का 48 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

 21 फरवरी  को भेल स्पोर्ट्स क्लब, साकेत नगर के पास जंगल में एक अज्ञात पुरुष का शव मिला था। मृतक के चेहरे और गर्दन पर गहरे घाव के निशान थे। सूचना पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान मृतक की पहचान ताराचंद पटेल (46), निवासी शीतल टाउन, मंडीदीप, जिला रायसेन के रूप में हुई। विवेचना में सामने आया कि मृतक के रानी अहिरवार निवासी बरखेड़ी जहांगीराबाद से पिछले डेढ़ वर्ष से अवैध संबंध थे।

पूछताछ में रानी अहिरवार ने बताया कि मृतक द्वारा लगातार विवाद और प्रताड़ना से परेशान होकर उसने अपने वर्तमान साथी कृष्णपाल यादव के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। योजना के तहत 20 फरवरी की रात मृतक को सुनसान स्थान पर बुलाया गया, जहां डंडे और धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त हंसिया, चाकू, डंडा, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।

Post a Comment

0 Comments