गली में रखे कांच के ढेर से 7 साल की मासूम घायल, 8 टांके आए ,बड़ी लापरवाही उजागर




 (आरिफ खान)

भोपाल। जोन नंबर 11, वार्ड 40 स्थित एहमद अली कॉलोनी की गली नंबर 1 में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। यहां घर के सामने खेल रही 7 वर्षीय मासूम बच्ची ज़ुनेरा अचानक गली में पड़े कांच के ढेर पर गिर गई, जिससे उसके हाथ में गहरी चोट लग गई।

घटना इतनी गंभीर थी कि बच्ची के हाथ में कांच के टुकड़े घुस जाने से करीब आठ टांके लगाने पड़े। गनीमत रही कि हादसे में बच्ची का गला और आंखें सुरक्षित रहीं, वरना यह घटना और भी भयावह रूप ले सकती थी।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, गली में लंबे समय से एक व्यक्ति द्वारा कांच का ढेर जमा कर रखा गया है, जिससे मोहल्लेवासी काफी परेशान हैं। कई बार आपत्ति जताने के बावजूद इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया।

घटना के बाद बच्ची के परिजनों ने तत्काल नगर निगम के वार्ड 40 के जोनल अधिकारी नीरज नामदेव से शिकायत की। अधिकारी ने आवेदन देने पर कार्रवाई का आश्वासन तो दिया, लेकिन घटना के बाद भी मौके पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

यह हादसा एक बार फिर नगर निगम की लापरवाही को उजागर करता है। सवाल यह उठता है कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? यदि समय रहते इस तरह की खतरनाक लापरवाहियों पर रोक नहीं लगाई गई, तो भविष्य में और भी गंभीर घटनाएं हो सकती हैं।

स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि गली से तत्काल कांच का ढेर हटाया जाए और जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Post a Comment

0 Comments