(शहर संवाददाता)
भोपाल। एमपी नगर इलाके में रविवार रात करंट लगने से अधिवक्ता और भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री दिव्यऋषि तिवारी की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा डीबी मॉल के सामने सड़क किनारे लगे स्ट्रीट लाइट के पोल के पास हुआ। बताया जा रहा है कि पोल में करंट उतर आया था।
जानकारी के अनुसार, दिव्यऋषि तिवारी अपनी पत्नी के साथ वहां पहुंचे थे। सड़क पार करते समय जैसे ही उन्होंने पोल को हाथ लगाया, उन्हें तेज करंट लगा और वे मौके पर ही गिर पड़े। उनकी पत्नी भी करंट की चपेट में आईं, लेकिन किसी तरह बच गईं।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मी जगदीश दांगी ने तत्परता दिखाते हुए दिव्यऋषि को CPR देने का प्रयास किया। इसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। पहले उन्हें नर्मदा अस्पताल और फिर AIIMS ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद सवाल उठ रहा है कि व्यस्त सड़क पर लगे स्ट्रीट लाइट के पोल में करंट कैसे पहुंचा? यदि पोल में विद्युत प्रवाह था, तो समय रहते इसकी जानकारी संबंधित विभाग को क्यों नहीं हुई? पुलिस ने मौके पर विद्युत तार को अलग करवाया है। अब यह जांच का विषय है कि पोल और स्ट्रीट लाइट के रखरखाव की जिम्मेदारी किस विभाग या एजेंसी की थी।
इस हादसे ने शहर के सार्वजनिक स्थानों पर बिजली व्यवस्था की सुरक्षा और नियमित जांच पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

0 टिप्पणियाँ