विदिशा और धार में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1.19 करोड़ का गांजा जब्त


 


कपास के खेत में उगाए जा रहे थे गांजे के 383 पौधे, दो आरोपी गिरफ्तार


(शेख फिरोज)

भोपाल। मध्यप्रदेश में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने विदिशा और धार जिले में दो बड़ी कार्रवाई की हैं। दोनों जिलों में पुलिस ने कुल 467 किलो से अधिक गांजा और गांजे के हरे पौधे जब्त किए हैं। जब्त मादक पदार्थों की कीमत करीब 1 करोड़ 19 लाख 13 हजार रुपये बताई गई है। दोनों मामलों में एक-एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।


विदिशा में 52 लाख का गांजा मिला

विदिशा जिले में ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत करारिया चौराहा थाना पुलिस ने ग्राम ब्योची में दबिश देकर 104.14 किलो गांजा जब्त किया। पुलिस के मुताबिक इसकी कीमत करीब 52 लाख रुपये है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।


धार में कपास के खेत के बीच गांजे की खेती

धार जिले के ग्राम पुरा में पुलिस ने कपास के खेत के बीच चल रही गांजे की अवैध खेती पकड़ी। ऑपरेशन प्रहार के तहत टांडा थाना पुलिस ने खेत से गांजे के 383 हरे पौधे जब्त किए। इनका कुल वजन 363.188 किलो बताया गया है। पुलिस ने इनकी कीमत करीब 67 लाख 13 हजार रुपये आंकी है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेती किसके कहने पर की जा रही थी और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। पुलिस अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ