भोपाल को दंगे की आग में झोंकने की साजिश बेनकाब, कार्रवाई नहीं हुई तो कोर्ट जाएंगे – ओसाफ अली

 


(शहर संवाददाता)

 भोपाल। राजधानी में हाल ही में सामने आई एक घटना को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। सामाजिक कार्यकर्ता ओसाफ अली ने आरोप लगाया है कि 22 मार्च को छोटे तालाब ब्रिज के पास मिले एक मृत पशु के मामले को कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा जानबूझकर “गौहत्या” का रूप देकर शहर का माहौल खराब करने की कोशिश की गई।

ओसाफ अली द्वारा जारी प्रेस नोट में कहा गया है कि चंद्रशेखर तिवारी और भानु हिन्दू सहित उनके साथियों ने बिना किसी आधिकारिक पुष्टि के अफवाहें फैलाकर एक विशेष समुदाय को निशाना बनाया और भड़काऊ नारेबाजी कर क्षेत्र में तनाव पैदा किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि इन लोगों ने थाना क्षेत्र में भीड़ एकत्र कर कानून को हाथ में लिया और पुलिस प्रशासन पर दबाव बनाने का प्रयास किया, जिससे शहर की शांति व्यवस्था प्रभावित होने का खतरा उत्पन्न हुआ।

ओसाफ अली के अनुसार, यह घटना केवल एक सामान्य मामला नहीं बल्कि सुनियोजित साजिश का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य भोपाल को सांप्रदायिक तनाव और दंगे की स्थिति में धकेलना है।

 कार्रवाई नहीं हुई तो कोर्ट और आंदोलन की चेतावनी

ओसाफ अली ने प्रशासन से मांग की है कि नामजद आरोपियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। साथ ही अफवाह फैलाने और सांप्रदायिक तनाव भड़काने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई जनता के सामने लाई जाए।

उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो वे न्यायालय का रुख करेंगे और जनआंदोलन भी शुरू किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।


Post a Comment

0 Comments