(शहर संवाददाता)
भोपाल। घरेलू गैस सिलेंडरों में कम गैस मिलने की शिकायत पर खाद्य विभाग भोपाल ने गुरुवार को सैनी इंडेन गैस एजेंसी के गोदाम पर छापामार कार्रवाई की। जांच के दौरान कुल 342 भरे गैस सिलेंडरों में से 27 सिलेंडरों में 1 से 2.5 किलोग्राम तक गैस कम पाई गई, जबकि 5 सिलेंडरों में कंपनी की सील नहीं मिली।
कार्रवाई जिला आपूर्ति नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन के नेतृत्व में की गई। टीम में सहायक आपूर्ति अधिकारी संदीप भार्गव सहित अन्य अधिकारी शामिल थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, उक्त सिलेंडर बकानिया स्थित आईओसीएल डिपो से वाहन क्रमांक UP78GT0294 के माध्यम से ग्राम इमलिया स्थित एजेंसी गोदाम लाए गए थे। वाहन 8 अप्रैल की शाम को लोड होकर 9 अप्रैल की सुबह गोदाम पहुंचा।
मौके पर नाप-तौल विभाग को बुलाकर सिलेंडरों का वजन कराया गया, जिसमें अनियमितताएं सामने आईं। खाद्य विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन सहित सभी 342 सिलेंडरों को जब्त कर लिया। वाहन को सूखी सेवनिया थाना पुलिस की अभिरक्षा में सौंपा गया।
प्रशासन द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और संबंधित एजेंसी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।

0 Comments