मध्यप्रदेश पुलिस का अवैध शराब तस्करों पर शिकंजा

 


अप्रैल में 1.66 करोड़ से अधिक की शराब, वाहन व संपत्ति जब्त, प्रदेशभर में लगातार दबिश

(शेख फ़िरोज़)

भोपाल, 28 अप्रैल। मध्यप्रदेश पुलिस ने अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, संग्रहण और बिक्री के खिलाफ अप्रैल माह में व्यापक अभियान चलाकर तस्करों पर बड़ा प्रहार किया है। प्रदेशभर में चलाए गए विशेष अभियान, दबिश और चेकिंग के दौरान पुलिस ने 1 करोड़ 66 लाख रुपये से अधिक मूल्य की अवैध शराब, वाहन एवं अन्य संपत्ति जब्त की है। कई जिलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

पुलिस मुख्यालय के अनुसार अवैध कारोबार के खिलाफ यह कार्रवाई लगातार जारी है और सभी जिलों को सख्त निर्देश दिए गए हैं।

उज्जैन में 50 लाख की जब्ती

उज्जैन के नानाखेड़ा थाना पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई में 44 पेटी शराब, दो लग्जरी वाहन और फर्जी नंबर प्लेट सहित करीब 50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।

शिवपुरी में 32 लाख से ज्यादा की कार्रवाई

शिवपुरी जिले में करैरा, मगरौनी, कोलारस और मायापुर थाना पुलिस ने अलग-अलग छापों में 124 पेटी से अधिक शराब, बोलेरो, बलेनो कार और स्कॉर्पियो सहित कुल 32 लाख 26 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की।

डिंडौरी, छतरपुर और रतलाम में तस्कर पकड़े गए

डिंडौरी कोतवाली पुलिस ने 101 लीटर अंग्रेजी शराब और कार सहित करीब 12 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया।

छतरपुर में बक्स्वाहा और भगवा थाना पुलिस ने 46 पेटी शराब जब्त कर दो तस्करों को पकड़ा।

रतलाम जिले के कालूखेड़ा और सैलाना थाना क्षेत्र में पुलिस ने क्रेटा कार, स्विफ्ट कार, बाइक और शराब सहित 10 लाख रुपये से अधिक की जब्ती की।

खरगोन में टंकी और ढाबे से शराब बरामद

खरगोन जिले में भगवानपुरा पुलिस ने आरोपी के घर के पीछे पानी की टंकी में छिपाकर रखी गई शराब जब्त की। वहीं ढाबे पर बिक्री के लिए रखी शराब भी बरामद की गई। महेश्वर पुलिस ने 44 पेटी शराब और कार पकड़ी। जिले में कुल 9 लाख से अधिक की कार्रवाई हुई।

नर्मदापुरम, मंदसौर और बालाघाट में भी कार्रवाई

नर्मदापुरम और इटारसी पुलिस ने दो मामलों में 9 लाख 10 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की।

मंदसौर के शामगढ़ थाना क्षेत्र में आरोपी से अवैध अंग्रेजी शराब और डिजायर कार जब्त की गई।

बालाघाट के लांजी थाना पुलिस ने 81 लीटर शराब और पिकअप वाहन सहित 7 लाख 12 हजार रुपये की कार्रवाई की।

मुरैना, सिवनी, दमोह, दतिया में बड़ी जब्ती

मुरैना के पोरसा थाना पुलिस ने 19 पेटी विदेशी शराब और लोडिंग वाहन सहित 5.87 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की।

सिवनी में 121 पेटी बीयर और स्कॉर्पियो से लाई जा रही 33 पेटी शराब पकड़ी गई।

दमोह में पुलिस ने अवैध शराब के साथ कट्टा-कारतूस और कार बरामद की।

दतिया में अल्टो कार से 30 पेटी देशी शराब जब्त की गई।

भोपाल क्राइम ब्रांच की भी कार्रवाई

राजधानी भोपाल में क्राइम ब्रांच ने नशे के खिलाफ अभियान चलाकर 10 पेटी मदिरा और चार पहिया वाहन सहित आरोपियों को गिरफ्तार किया।

Post a Comment

0 Comments