दहेज प्रताड़ना से तंग आकर विवाहिता ने की आत्महत्या, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

 


(शहर संवाददाता)

भोपाल। शाहजहांनाबाद थाना क्षेत्र में एक 24 वर्षीय विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मृतका आशा सांवले पत्नी लालू सांवले, बाजपेयी नगर की निवासी थी और घरेलू सहायिका के रूप में कार्य करती थी। उसकी शादी करीब छह वर्ष पूर्व हुई थी और उसके दो छोटी बेटियां हैं।

मृतका के पिता अर्जुन कैथिल ने दामाद पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि लालू सांवले शराब का आदी है और आए दिन उनकी बेटी को दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करता था। आरोप है कि वह आशा की कमाई भी छीनकर शराब में खर्च कर देता था।

परिजनों के अनुसार, घटना से दो दिन पहले पति-पत्नी के बीच विवाद होने पर आशा अपने मायके चली गई थी। बाद में पति उसे समझाकर वापस घर ले गया। इसके अगले ही दिन पति ने ही फोन कर सूचना दी कि आशा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।

मृतका के पिता ने घटना की परिस्थितियों पर संदेह जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ