भोपाल में युवक से मारपीट और धार्मिक टिप्पणी का मामला गरमाया, 2 आरोपी गिरफ्तार



 (शहर संवाददाता)

भोपाल। राजधानी के गोविंदपुरा थाना क्षेत्र में मुस्लिम युवक के साथ मारपीट और इस्लाम को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के विरोध में मंगलवार देर रात बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग सड़कों पर उतर आए।

आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर बड़ी संख्या में लोग ताजुलमसाजिद मस्जिद में एकत्र हुए और नारेबाजी की। देर रात तक रॉयल मार्केट, इमामी गेट सहित विभिन्न क्षेत्रों में विरोध प्रदर्शन जारी रहा। इस दौरान कुछ स्थानों पर पथराव की घटनाएं भी सामने आईं, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। आक्रोशित भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

स्थिति को शांत कराने में विधायक आरिफ मसूद और आतिफ अकील की समझाइश अहम रही, जिसके बाद देर रात हालात सामान्य हुए। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

एक नजर में: क्या था मामला

बताया जा रहा है कि गौतम नगर स्थित एक होटल में मुस्लिम युवक के साथ हिन्दु संगठन के लोगों ने मारपीट की। आरोप है कि युवक को होटल से बाहर निकालकर उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। इतना ही नहीं, उसके चेहरे पर गोबर, स्याही और अन्य आपत्तिजनक पदार्थ लगाकर उसे अपमानित किया गया। इस दौरान धर्म विशेष को लेकर कथित टिप्पणी भी की गई, जिससे मामला और अधिक संवेदनशील हो गया।

दो आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग

घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 7 आरोपियों चिन्हित कर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें से लालाराम मीना और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट, अभद्रता और धार्मिक भावनाएं आहत करने से संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। वहीं, पथराव की घटनाओं को लेकर भी अलग से प्रकरण दर्ज किया गया है।

सुरक्षा व्यवस्था के सख्त इंतेज़ाम

मामले की गंभीरता को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी जारी की गई है।

समाज में लगातार बड़ रहा आक्रोश

घटना को लेकर मुस्लिम समाज में भारी रोष देखा जा रहा है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि शुरुआती स्तर पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। समाज के लोगों ने नामजद आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ