(शहर संवाददाता)
भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने ईद-उल-अजहा (बकरीद) की सरकारी छुट्टी की तारीख में बदलाव कर दिया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा सोमवार शाम जारी संशोधित आदेश के अनुसार अब प्रदेश में बकरीद का सार्वजनिक अवकाश 27 मई के स्थान पर 28 मई, गुरुवार को रहेगा।
28 को नहीं खुलेंगे शासकीय कार्यालय
सरकार के नए आदेश के तहत 28 मई को प्रदेश के सभी शासकीय कार्यालय, बैंक तथा अन्य सरकारी संस्थान बंद रहेंगे। वहीं 27 मई को कार्यालय सामान्य दिनों की तरह संचालित होंगे।
बताया जा रहा है कि चांद दिखने और बकरीद की वास्तविक तिथि को ध्यान में रखते हुए यह संशोधन किया गया है। केंद्र सरकार और अन्य संस्थानों द्वारा भी 28 मई को अवकाश घोषित किए जाने के बाद राज्य सरकार ने यह निर्णय लिया।
प्रदेश के सभी बैंक रहेंगे बंद
अवकाश परिवर्तन का असर बैंकिंग सेवाओं पर भी पड़ेगा। 28 मई को प्रदेशभर में बैंक बंद रहेंगे, जबकि शेयर बाजार बीएसई और एनएसई में भी अवकाश रहेगा।
सामान्य प्रशासन विभाग ने संशोधित आदेश सभी विभागों, कार्यालय प्रमुखों और संबंधित संस्थानों को तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश जारी किए हैं।

0 टिप्पणियाँ