ट्विशा शर्मा केस में नया मोड़: दोबारा पोस्टमार्टम की मांग खारिज, फरार पति पर इनाम की राशि बढ़ाकर की 30 हजार

 


(शहर संवाददाता)

भोपाल। चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में कई बड़े घटनाक्रम सामने आए। भोपाल जिला अदालत ने ट्विशा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग खारिज कर दी। वहीं फरार पति समर्थ सिंह की तलाश तेज करते हुए पुलिस ने उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कर दिया है। आरोपी की गिरफ्तारी पर घोषित इनाम राशि भी 10 हजार रुपये से बढ़ाकर 30 हजार रुपये कर दी गई है।


अदालत ने कहा पुनः पोस्टमार्टम की आवश्यकता नहीं

अदालत ने कटारा हिल्स पुलिस को निर्देश दिए हैं कि ट्विशा के शव को डीकंपोज होने से बचाने के लिए प्रदेश की संसाधनयुक्त मॉर्च्युरी में सुरक्षित रखा जाए। कोर्ट ने कहा कि उपलब्ध रिकॉर्ड और मेडिकल दस्तावेजों के आधार पर फिलहाल पुनः पोस्टमार्टम की आवश्यकता प्रतीत नहीं होती।


ट्विशा के परिजनों ने कहा जांच प्रक्रिया पर भरोसा नहीं है

दूसरी ओर अदालत के फैसले के बाद ट्विशा के परिजनों ने गहरी नाराजगी जताई है। परिवार का कहना है कि उन्हें जांच प्रक्रिया पर भरोसा नहीं है और कई महत्वपूर्ण तथ्यों की अनदेखी की जा रही है। परिवार ने यह भी कहा कि “न्याय मिलने तक अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।”

इनाम की राशि 10 हज़ार से बढ़ाकर  की 30 हजार

इधर भोपाल पुलिस ने फरार आरोपी समर्थ सिंह की तलाश के लिए विशेष अभियान तेज कर दिया है। पुलिस की छह टीमें और एसआईटी मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों में दबिश दे रही हैं। आरोपी के देश छोड़कर भागने की आशंका के चलते उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया है तथा पासपोर्ट निरस्त कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। वही  आरोपी की गिरफ्तारी पर घोषित इनाम राशि भी 10 हजार रुपये से बढ़ाकर 30 हजार रुपये कर दी गई है।

मामले में AIIMS भोपाल की प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी चर्चा में है। रिपोर्ट में ट्विशा के शरीर पर कई चोटों के निशान मिलने का उल्लेख बताया जा रहा है। साथ ही कथित फांसी में इस्तेमाल बेल्ट पोस्टमार्टम टीम को नहीं दिखाए जाने की बात भी सामने आई है, जिससे जांच को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ