भोपाल कोर्ट में पेशी के बाद पुलिस करेगी गहन पूछताछ, कई राज खुलने की उम्मीद
(शहर संवाददाता)
भोपाल। मॉडल और अभिनेत्री ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के बहुचर्चित मामले में आरोपी पति समर्थ सिंह को शनिवार को भोपाल जिला अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के दौरान पुलिस ने कोर्ट से 7 दिन की रिमांड मांगी, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया। अब पुलिस समर्थ सिंह से मामले के विभिन्न पहलुओं पर गहन पूछताछ करेगी।
भारी सुरक्षा के बीच समर्थ लाया गया अदालत में
बताया जा रहा है कि पेशी के दौरान कोर्ट परिसर में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। समर्थ सिंह को भारी पुलिस सुरक्षा के बीच अदालत लाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट परिसर में आम लोगों की आवाजाही भी सीमित रखी गई।
पूछताछ में नये खुलासे होने की उम्मीद
पुलिस अधिकारियों के अनुसार रिमांड के दौरान समर्थ सिंह से ट्विशा शर्मा की मौत से पहले दोनों के संबंधों, कथित विवाद, घटना वाले दिन की परिस्थितियों, फरारी के दौरान उसकी गतिविधियों और मोबाइल चैट व कॉल रिकॉर्ड के संबंध में पूछताछ की जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि फरारी के दौरान उसे किस-किस का सहयोग मिला।
पेशे से वकील है आरोपी समर्थ
समर्थ सिंह पेशे से वकील है और वह खुद को क्रिमिनल लॉ विशेषज्ञ बताता रहा है। ट्विशा शर्मा की मौत के बाद वह कई दिनों तक फरार रहा था। इसी दौरान पुलिस ने उसकी तलाश तेज करते हुए इनाम भी घोषित किया था। बाद में उसने अपनी अग्रिम जमानत याचिका वापस ली और पुलिस हिरासत में आ गया। हाल ही में बार काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा उसका वकालत लाइसेंस भी निलंबित किए जाने की जानकारी सामने आई है।
रिटायर्ड जिला एवं सत्र न्यायाधीश पर दहेज प्रताड़ना के आरोप
मामले में समर्थ सिंह की मां गिरिबाला सिंह का नाम भी लगातार चर्चा में बना हुआ है। गिरिबाला सिंह रिटायर्ड जिला एवं सत्र न्यायाधीश हैं और उपभोक्ता आयोग से भी जुड़ी रही हैं। ट्विशा शर्मा के परिजनों ने उन पर भी दहेज प्रताड़ना और मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। पुलिस उनसे पहले ही पूछताछ कर चुकी है तथा उन्हें पूर्व में जमानत मिल चुकी है।
गौतलब है कि मॉडल ट्विशा शर्मा संदिग्ध परिस्थितियों में घर पर मृत मिली थीं। शुरुआती जांच में आत्महत्या की आशंका जताई गई, लेकिन परिजनों ने हत्या और दहेज प्रताड़ना के आरोप लगाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए हाईकोर्ट ने शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिए हैं, जबकि सीबीआई जांच की मांग भी जारी है।

0 टिप्पणियाँ