सुप्रीम कोर्ट ने लिया ट्विशा शर्मा मौत मामले में स्वतः संज्ञान

 


25 मई को होगी सुनवाई, जांच प्रक्रिया और पोस्टमार्टम पर उठे सवाल


नई दिल्ली/भोपाल | मीडिया रिपोर्ट्स
भोपाल की मॉडल और अभिनेत्री ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। मनीकंट्रोल, टाइम्स ऑफ इंडिया,  समेत विभिन्न मीडिया संस्थानों की रिपोर्ट्स के अनुसार सुप्रीम कोर्ट ने मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए 25 मई को सुनवाई तय की है। मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ इस मामले की सुनवाई करेगी।


मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अदालत ने मामले को “ससुराल में युवती की अप्राकृतिक मौत में कथित संस्थागत पक्षपात और प्रक्रियागत विसंगतियां” शीर्षक के तहत सूचीबद्ध किया है। सुप्रीम कोर्ट जांच प्रक्रिया, पोस्टमार्टम और कथित सबूतों से छेड़छाड़ के आरोपों पर सुनवाई करेगा।


ट्विशा शर्मा 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिली थीं। परिजनों ने पति समर्थ सिंह और ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना, मानसिक उत्पीड़न और हत्या के आरोप लगाए हैं। वहीं आरोपी पक्ष ने ट्विशा को मानसिक तनाव और नशे की लत से पीड़ित बताया है।
मामले में सामने आए CCTV फुटेज और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद विवाद और गहरा गया। परिजनों ने जांच एजेंसियों पर मामले को प्रभावित करने और सबूत कमजोर करने के आरोप लगाए हैं। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट पहले ही दोबारा पोस्टमार्टम के आदेश दे चुका है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ