भीषण गर्मी में वार्ड 13, 14 सहित कई इलाकों में नहीं हुई पानी सप्लाई
(शहर संवाददाता)
भोपाल। राजधानी में एक तरफ भीषण गर्मी लोगों को बेहाल कर रही है, वहीं दूसरी तरफ नगर निगम की पानी सप्लाई व्यवस्था पूरी तरह लड़खड़ाती नजर आ रही है। बुधवार को नगर निगम के जोन क्रमांक 3 अंतर्गत आने वाले वार्ड क्रमांक 13, 14 सहित कई इलाकों में पानी सप्लाई नहीं होने से लोग दिनभर परेशान होते रहे।
पानी नहीं मिलने बढ़ी लोगो की परशानी
स्थिति इसलिए भी ज्यादा गंभीर मानी जा रही है क्योंकि गुरुवार को बकरा ईद का त्योहार है। त्योहार से ठीक पहले पानी सप्लाई बंद रहने से लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। रहवासियों का कहना है कि आम दिनों की तुलना में पहले ही रोजमर्रा की पानी सप्लाई कम कर दी गई है, ऊपर से कई क्षेत्रों में पूरी तरह सप्लाई बंद हो जाने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई।
पानी के टैंकर का होता रहा इंतज़ार
स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह से लोग नलों में पानी आने का इंतजार करते रहे, लेकिन सप्लाई नहीं हुई। मजबूरी में कई परिवारों को दूर-दराज के इलाकों से पानी लाना पड़ा, जबकि कुछ लोगों ने निजी टैंकरों का सहारा लिया। नगर निगम की ओर से कुछ स्थानों पर पानी के टैंकर भेजे गए, लेकिन वह भी नाममात्र साबित हुए। कई क्षेत्रों में टैंकर पहुंचे ही नहीं, और जहां पहुंचे वहां पानी भरने के लिए लोगों की भीड़ लग गई।
पाइप लाइन फूटने को बताया कारण
जोनल अधिकारी ने पाइप लाइन फूटने को सप्लाई बाधित होने का कारण बताया, लेकिन लोगों का सवाल है कि त्योहार और भीषण गर्मी के समय ऐसी समस्याओं से निपटने के लिए निगम के पास कोई वैकल्पिक व्यवस्था क्यों नहीं है।
जिम्मेदार कॉल रिसीव करने से बचते रहे
रहवासियों ने आरोप लगाया कि जिम्मेदार अधिकारी आम जनता की शिकायतें सुनने से बचते नजर आए। कई लोगों ने बताया कि अधिकारियों ने फोन कॉल तक रिसीव नहीं किए। इससे लोगों में आक्रोश और बढ़ गया।
नगर निगम की व्यवस्था फ़ैल
कटाक्ष करते हुए स्थानीय लोगों का कहना है कि “स्मार्ट सिटी” के दावे करने वाली राजधानी में अब पानी भी किस्मत वालों को ही मिल रहा है। भीषण गर्मी में जब लोगों को सबसे ज्यादा पानी की जरूरत है, उसी समय नगर निगम की व्यवस्था फेल होती दिख रही है।
लोगों ने मांग की है कि नगर निगम तत्काल पानी सप्लाई व्यवस्था में सुधार करे और त्योहार के दौरान पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने के लिए विशेष इंतजाम किए जाएं, ताकि नागरिकों को इस भीषण गर्मी में राहत मिल सके।

0 टिप्पणियाँ