राजस्व वसूली प्रभावित होने पर नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने की कार्रवाई
(शहर संवाददाता)
भोपाल। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत किए गए निरीक्षण में पीओएस मशीनों की व्यवस्था में लापरवाही सामने आने के बाद नगर निगम प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जोन क्रमांक-19 में पीओएस मशीनों को समय पर एक्टिव कर वार्डों में उपलब्ध नहीं कराने के मामले में सहायक लेखापाल संजय सिंह परिहार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने शुक्रवार को जोन क्रमांक-19 का निरीक्षण किया। इस दौरान सामने आया कि जोन के विभिन्न वार्डों में पीओएस मशीनें उपलब्ध नहीं थीं, जिसके कारण राजस्व वसूली प्रभावित हो रही थी।
जांच के दौरान यह भी जानकारी सामने आई कि पीओएस मशीनों को एक्टिव कराने के लिए सहायक लेखापाल संजय सिंह परिहार को मशीनें उपलब्ध कराई गई थीं। नगर निगम के अनुसार, इसके बावजूद मशीनों को समय पर एक्टिव कर संबंधित वार्डों में उपलब्ध नहीं कराया गया।
बैंक से प्राप्त जानकारी में भी मामले को लेकर स्थिति स्पष्ट हुई। संबंधित बैंक अधिकारियों के अनुसार कुछ मशीनें पहले से एक्टिव थीं, जबकि जोन क्रमांक-19 को आवंटित एक पीओएस मशीन निष्क्रिय बताई गई।
नगर निगम के अनुसार, बैंक अधिकारी ने बताया कि संजय सिंह परिहार को 10 अगस्त को मशीनें उपलब्ध कराई गई थीं, लेकिन उन्होंने करीब 10 दिनों तक मशीनें अपने पास रखीं। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारी के संज्ञान या अनुमोदन के बिना मशीनों का वितरण अपने स्तर से किया गया।
मामले में संजय सिंह परिहार से फोन पर संपर्क कर स्पष्टीकरण लेने का प्रयास भी किया गया, लेकिन नगर निगम के मुताबिक उनकी ओर से कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया।
नगर निगम प्रशासन ने माना कि महत्वपूर्ण राजस्व कार्य में इस तरह की लापरवाही और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना से राजस्व वसूली प्रभावित हुई। इसी आधार पर सहायक लेखापाल संजय सिंह परिहार को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की कार्रवाई की गई।

0 टिप्पणियाँ