(शहर संवाददाता)
भोपाल। राजधानी के 7 नंबर बस स्टॉप स्थित सागर गैरे आउटलेट पर भोजन में कीड़े मिलने की गंभीर शिकायत के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने प्रतिष्ठान का औचक निरीक्षण किया।
जांच के दौरान खाद्य पदार्थों के रखरखाव और स्वच्छता व्यवस्था में कई अनियमितताएं सामने आईं। टीम को स्वच्छता मानकों का उल्लंघन और खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी मिली। इसके आधार पर संचालक को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा 32 के तहत नोटिस जारी किया गया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने गुणवत्ता जांच के लिए विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेज दिए हैं। अधिकारियों के अनुसार, लैब रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नोटिस में संचालक को 14 दिनों के भीतर स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों में सुधार के निर्देश दिए गए हैं, अन्यथा लाइसेंस निलंबन या निरस्तीकरण की कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
पिछले एक वर्ष में खाद्य सुरक्षा विभाग की प्रमुख कार्रवाइयाँ
न्यू मार्केट, भोपाल – कई जूस और लस्सी दुकानों से सैंपल लिए गए, जिनमें गुणवत्ता खराब पाई गई।
एमपी नगर क्षेत्र – फास्ट फूड सेंटरों पर छापेमारी में बासी सामग्री का उपयोग सामने आया।
कोहेफिजा, भोपाल – डेयरी उत्पाद बेचने वाली दुकानों पर कार्रवाई, मिलावटी पनीर और दूध के नमूने जब्त।
करोंद मंडी क्षेत्र – मिठाई दुकानों से लिए गए सैंपल में मानक के अनुरूप गुणवत्ता नहीं मिली।
हबीबगंज और 10 नंबर मार्केट – स्ट्रीट फूड विक्रेताओं के खिलाफ स्वच्छता उल्लंघन पर नोटिस जारी।
इन मामलों में कई प्रतिष्ठानों को नोटिस, जुर्माना और कुछ मामलों में लाइसेंस निलंबन जैसी कार्रवाई का सामना करना पड़ा।

0 टिप्पणियाँ