ट्विशा शर्मा मौत मामला: आरोपी पति समर्थ सिंह पर इनाम घोषित, गिरफ्तारी के लिए सर्च ऑपरेशन तेज

 


(शहर संवाददाता)

भोपाल । राजधानी  के कटारा हिल्स थाना क्षेत्र स्थित बागमुगालिया एक्सटेंशन में ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में जांच लगातार तेज होती जा रही है। आरोपी पति अधिवक्ता समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत याचिका अदालत द्वारा खारिज किए जाने के बाद पुलिस ने उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है।


आरोपी की तलाश तेज

कटारा हिल्स पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। कई टीमें गठित कर आरोपी की तलाश की जा रही है, वहीं मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी माध्यमों से भी ट्रैकिंग जारी है। एसीपी रजनीश कश्यप कौल के अनुसार, इनाम डीसीपी जोन-2 द्वारा घोषित किया गया है और गिरफ्तारी के लिए सघन अभियान चल रहा है।


हाई प्रोफाइल मामले मे ज़मानत खारिज

ट्विशा शर्मा, रिटायर्ड जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरिबाला सिंह की बहू थीं, जिनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई। इस मामले में पति समर्थ सिंह को आरोपी बनाया गया है। भोपाल जिला एवं सत्र न्यायालय की न्यायाधीश पल्लवी द्विवेदी ने सोमवार को उसकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी, जिससे पुलिस कार्रवाई और तेज हो गई है।


वायरल वीडियो/सीसीटीवी फुटेज

मामले में एक सीसीटीवी फुटेज और वीडियो भी वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि वीडियो में ट्विशा घटना से पहले छत की ओर जाती दिखती हैं। एक अन्य क्लिप में पति और अन्य लोग उन्हें नीचे लाते नजर आ रहे हैं। सीढ़ियों पर सीपीआर देने जैसे दृश्य भी सामने आए हैं। हालांकि, पुलिस इन फुटेज की सत्यता और समय-क्रम की जांच कर रही है।


परिवार के आरोप

मृतका के पिता नवनीधि शर्मा ने आरोप लगाया है कि आरोपी पक्ष प्रभावशाली है और मामले को कमजोर करने की कोशिश हो रही है। परिवार ने शव का दूसरा पोस्टमार्टम AIIMS Delhi में कराने और जांच को राज्य से बाहर ट्रांसफर करने की मांग की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ