कमरे में ले जाकर गलत हरकत की कोशिश का आरोप, बच्ची के शोर मचाने पर पड़ोसी ने पहुंचकर बचाया
(शहर संवाददाता)
भोपाल। कमला नगर थाना इलाके में 10 वर्षीय बच्ची के साथ छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। बताया जा रहा हे कि पड़ोस में रहने वाला 28 वर्षीय युवक बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने कमरे में ले गया और उसके साथ गलत हरकत करने की कोशिश की। बच्ची के शोर मचाने पर पड़ोसी मौके पर पहुंचा और उसे आरोपी के चंगुल से सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घर के बाहर खेल रही थी बच्ची
पुलिस के अनुसार, पीड़िता स्कूली छात्रा है। घटना के समय बच्ची घर के पास अकेली खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला आरोपी उसे बहला-फुसलाकर अपने कमरे में ले गया। कमरे के अंदर आरोपी ने बच्ची के साथ गलत हरकत करने की कोशिश की।
इस दौरान बच्ची ने विरोध करते हुए जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। उसकी आवाज सुनकर पास ही रहने वाला एक पड़ोसी मौके पर पहुंचा गया।
बच्ची की चीख सुनकर पड़ोसी ने बचाया
पड़ोसी ने कमरे का दरवाजा खटखटाया और अंदर पहुंचकर बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी वहां जमा हो गए।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस के पहुंचने से पहले कुछ लोगों ने आरोपी की पिटाई भी की। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज
परिजनों की शिकायत के आधार पर कमला नगर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बच्चों को यौन अपराधों से संरक्षण अधिनियम (POCSO Act) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस आरोपी की के बारे में और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी किराए के कमरे में रहता था। पुलिस यह भी पता कर रही है कि मकान मालिक द्वारा उसका पुलिस वेरिफिकेशन कराया गया था या नहीं।
बच्ची की बहादुरी से टली बड़ी वारदात
इस घटना में 10 वर्षीय बच्ची का समय रहते विरोध करना और शोर मचाना महत्वपूर्ण रहा। उसकी आवाज सुनकर पड़ोसी के तुरंत मौके पर पहुंचने से स्थिति और गंभीर होने से बच गई।

0 टिप्पणियाँ